उदयपुर

अगर ऐसा हुआ तो लोकसभा चुनाव में उदयपुर में आमने-सामने होंगे प्रियंका गांधी और नरेन्द्र मोदी !

कांग्रेस ने प्रियंका तो भाजपा ने नरेन्द्र मोदी का रखा नाम
2 min read
Mar 19, 2019
Feature image

मुकेश हिंगड़/उदयपुर . लोकसभा चुनाव से पूर्व स्टार प्रचारकों को बुलाने के लिए भाजपा व कांग्रेस कार्यक्रम तैयार कर रहे हैं। पार्टी ने क्षेत्रीय स्तर पर पसंदीदा स्टार प्रचारकों के बारे में पूछा तो उदयपुर कांग्रेस ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को महासचिव प्रियंका गांधी का एवं भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम भेजा है। प्रियंका व मोदी को उदयपुर का न्योता जयपुर संगठन के जरिए दिया गया है। कांग्रेस और भाजपा ने लोकसभा चुनाव में केन्द्रीय स्तर के किन बड़े नेताओं को प्रचार या सभा के लिए बुलाने के लिए स्थानीय नेताओं से मौखिक राय मांगी है। कांग्रेस में प्रियंका गांधी का नाम सबसे ऊपर है। स्थानीय नेताओं ने यह नाम जयपुर व दिल्ली में बता दिया है। भाजपा में पीएम नरेन्द्र मोदी पहली पसंद है जिससे प्रदेश नेतृत्व को अवगत करवाया जाएगा।

प्रियंका का नाम इसलिए
कांग्रेस ने वैसे प्रियंका के साथ राहुल गांधी को भी पसंद किया है लेकिन जोर प्रियंका पर है। राहुल विधानसभा चुनाव के दौरान यहां आरसीए में संवाद और सलूंबर में सभा कर चुके हैं। अब जब प्रियंका पार्टी में सक्रिय हुई तो यहां पहली पसंद प्रियंका की बनी है।


मोदी और मेवाड़-वागड़
भाजपा में मोदी को बुलाने पर जोर है। विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह उदयपुर में आकर रोड शो कर चुके हैं। अब मोदी को लाने पर जोर दिया जा रहा है। मोदी इससे पहले 2017 में खेलगांव में आए थे। यह दांव इस लिए खेला जा रहा है ताकि मोदी यहां से मेवाड़-वागड़ की पांचों सीटों को कवर कर सकें।

स्टार प्रचारक को लेकर पार्टी जो सूची तैयार कर रही है, उसमें हमने उदयपुर के लिए प्रियंका गांधी के नाम भेजा है। वैसे राहुल गांधी सहित कई बड़े नेताओं की भी बात रखी है। प्रियंका महासचिव बनने के बाद उदयपुर आए, यह हमारी इच्छा है। - रघुवीरसिंह मीणा, सदस्य-सीडब्ल्यूसी

पार्टी से स्टार प्रचारकों के लिए नाम मांगने का पत्र हमें अभी मिला है, अब नाम भेजेंगे लेकिन कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि पीएम नरेन्द्र मोदी को यहां बुलाएं। हम उनका नाम भेजेंगे। - रवीन्द्र श्रीमाली, अध्यक्ष-भाजपा शहर

Published on:
19 Mar 2019 11:49 am