
आमेट. भाजपा द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती, तिरंगा यात्रा एवं आगामी नगर निकाय तथा पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर आमेट में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल, जिला संगठन प्रभारी नीरज जैन, कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। साथ ही नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर बूथ मजबूत करने, मतदाताओं से सतत संपर्क रखने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की अपील की। जिला संगठन प्रभारी नीरज जैन ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका अनुशासित और सक्रिय संगठन है। विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं से जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक विजय दर्ज करेगी। बैठक में बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान, तिरंगा यात्रा, संत रविदास जयंती आयोजन और चुनावी तैयारियों की कार्ययोजना तय की गई। कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और भाजपा की विजय के लिए पूरी निष्ठा से जुटने का संकल्प लिया।