Flight Bomb Threat: धमकी मिलने की सूचना पर तुरंत फ्लाइट को रुकवाया गया और पैसेंजर को नीचे उतारा गया।
उदयपुर। डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर लगातार दूसरे दिन फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। उदयपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2099 उड़ान भरने वाली थी। इसी दौरान फ्लाइट में बम की सूचना मिली तुरंत फ्लाइट को रोका गया और यात्रियों को उतारा गया। पूरे घटनाक्रम में घबराहट से यात्रियों की सांसें फूल गई।
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 12:05 बजे हुई, हालाँकि चेकिंग के दौरान फ्लाइट में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर दोपहर 3.30 बजे फ्लाइट को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। लेकिन फ्लाइट को उड़ाने की धमकी वाली बात से सभी पैसेंजर बुरी तरह घबरा गए। गौरतलब है की यह फ्लाइट उदयपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरती है।
बता दें कि डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर गुरुवार भी दो फ्लाइट में बम होने की धमकी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद यात्रियों को उतार गया था और यात्रियों के सामान की जांच कराई गई थी। जांच करने पर ऐसी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।