www.patrika.com/rajasthan-news
मोहम्मद इलियास/उदयपुर. सुखेर थाना क्षेत्र स्थित मोनिका पैलेस होटल के एक कमरे से पुलिस ने रविवार को प्रेमी युगल के शव बरामद किए। पुलिस की पड़ताल में युवक-युवती की ओर से विषाक्त पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई। सामाजिक बंदिशों के चलते प्रेमी युगल की ओर से यह प्रयास आत्महत्या के लिए किए जाना सामने आया है। थानाधिकारी नेत्रपाल सिंह ने बताया कि बागोल पाली निवासी भरत (22) पुत्र जोगेन्द्रसिंह सोलंकी व सायरा निवासी दुर्गा (21) पुत्री छगन मेघवाल सुखेर स्थित होटल के कमरे में 29 अक्टूबर को आकर ठहरे थे। सुबह के समय कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कार्मिकों को आशंका हुई। उन्होंने खिडक़ी से झांककर देखा तो दोनों अलग-अलग जगह नीचे गिरे पड़े थे। मामला मौत से जुड़ा होने के बावजूद होटल प्रबंधन ने इसकी सूचना समय पर पुलिस को नहीं देकर दोपहर 2 बजे दी। सूचना पर थानाधिकारी मय जाब्ते मौके पर पहुंचे, दरवाजा खुलवाया तो उन्हें भरत फर्श पर पड़ा मिला जबकि दुर्गा का शव पलंग से आधा लटका था। समीप ही विषाक्त पदार्थ से जुड़ी पुडिय़ाएं पड़ी थी। दो आधी बोतल कोल्ड ड्रिंक के भरी हुई मिली।
कयास है कि दोनों ने कोल्ड ड्रिंक की मदद से विषाक्त का सेवन किया। सूचना पर एफएसएल प्रभारी अभयप्रताप सिंह ने भी मौके पर साक्ष्य लिए। शवों को एमबी. चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया गया। इसकी सूचना परिजनों को दी। पुलिस ने बताया कि भरत का ननिहाल सायरा के सिंघाड़ा गांव में है। वह वहीं पर दुर्गा के सम्पर्क में आया था। डेढ़ वर्ष से दोनों के बीच प्रेमप्रसंग चल रहा था। गत 8 अक्टूबर को दोनों फरार हो गए थे। 11 अक्टूबर को युवती के परिजनों ने सायरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इस बीच प्रेमी युगल बेंगलुरु व अन्य जगहों से घूमते हुए 29 अक्टूबर को उदयपुर पहुंचा था।