उदयपुर

Lok Sabha Election 2019 : प्रत्याशियों को करनी होगी आपराधिक मामलों की घोषणा

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव में किसी प्रत्याशी के खिलाफ यदि पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज है, कोर्ट में विचाराधीन है या सजा मिली है तो उसे यह जानकारी तीन अलग-अलग तारीखों में मीडिया में प्रकाशित करवा कर सार्वजनिक करनी होगी।
2 min read
Apr 15, 2019
Feature image

मुकेश हिंगड़/उदयपुर. भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) के दिशा-निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2019) में किसी प्रत्याशी के खिलाफ यदि पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज है, कोर्ट में विचाराधीन है या सजा मिली है तो उसे यह जानकारी तीन अलग-अलग तारीखों में मीडिया में प्रकाशित करवा कर सार्वजनिक करनी होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी आनंदी ने बताया कि प्रत्याशियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी आमजन को भी होनी चाहिए। इसके लिए उसे मुकदमे की जानकारी अखबार व टीवी चैनल में प्रकाशित प्रसारित करवानी होगी। निर्धारित प्रपत्र में मतदान के 2 दिन पूर्व तक दैनिक समाचार पत्र में या टीवी चैनल के जरिए यह जानकारी सार्वजनिक करनी होगी। प्रत्याशी आपराधिक मुकदमे की जानकारी संबंधित अपने राजनीतिक दलों को भी देंगे जिसे राजनीतिक दलों को भी मतदान खत्म होने के 8 घंटे पहले तक तीन अलग-अलग तारीखों में अपनी वेबसाइट के जरिए प्रकाशित करना होगा।

चुनावी व्यय पर रखे कड़ी निगरानी
उदयपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र-19 के लिए नियुक्त व्यय पर्यवेक्षक एसएस भदोरिया की अध्यक्षता में रविवार को बैठक हुई। इसमें सभी सहायक व्यय पर्यवेक्षकों एवं लेखा टीम के सदस्य मौजूद थे। बैठक में पर्यवेक्षक भदौरिया ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुसरण करने, प्रतिदिन की रिपोर्ट लगातार मंगवाने, रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक व्यय पर्यवेक्षक से प्रतिदिन की जानकारी एकत्रित करने, सभी मतदान केन्द्रों पर एफएसटी एवं एसएसटी दलों द्वारा एक दिन के अन्तराल में निरीक्षण करने तथा वहां के स्थानीय नागरिकों से संवाद करने के साथ ही सभी 9 प्रत्याशियों के व्यय सम्बन्धित जानकारी प्राप्त कर करने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनावी व्यय पर कड़ी निगरानी रखने को भी निर्देशित किया। इधर सर्किट हाउस में दो दिवसीय इंडक्शन ट्रेनिंग का समापन भी रविवार को हुआ।

पर्यवेक्षक ने देखा मीडिया प्रकोष्ठ
पर्यवेक्षक प्रेक्षक एसएस भदोरिया (आईआरएस) ने रविवार को सूचना केन्द्र में संचालित मीडिया एवं पेड न्यूज प्रकोष्ठ की गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने वहां प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से विज्ञापन एवं पेड न्यूज पर विशेष निगरानी रखने के लिए संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया एवं वहां कार्यरत कार्मिकों से जानकारी प्राप्त की।

Published on:
15 Apr 2019 04:00 pm