उदयपुर

फर्जी क्लीनिक पर पहुंची सरकारी डॉक्टर तो कांप उठा नीम हकीम

मैथूडी में झोलाछाप का क्लीनिक सीज, दवाएं जब्त की, उथरदा चिकित्साधिकारी ने की कार्रवाई
less than 1 minute read
Jul 31, 2019
Clinic and drugs seizure
फर्जी क्लीनिक पर पहुंची सरकारी डॉक्टर तो कांप उठा नीम हकीम

शंकर पटेल,गींगला . सलूम्बर ब्लॉक के मैथूड़ी गांव में मंगलवार को उथरदा पीएचसी की चिकित्साधिकारी आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंची। झोलाछाप डॉक्टर के क्लीनिक पर पहुंची तो मौके से कई तरह की दवाएं मिली, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

उथरदा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की प्रभारी डॉ. प्रवीणा मैथूड़ी गांव पहुंची। एक झोलाछाप के क्लीनिक पर पहुंची, जहां खाट लगाकर ग्रामीणों का इलाज किया जा रहा था। वहीं अवैध रूप से कई तरह की दवाएं पड़ी मिली। चिकित्साधिकारी के क्लीनिक पर पहुंचते ही झोलाछाप डॉक्टर घबरा गया। प्रभारी ने दवाएं जब्त कर ली। झोलाछाप को अवैध क्लीनिक संचालन बंद करने के निर्देश दिए। मौका पर्चा बनाकर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी। इस दौरान कई ग्रामीण भी पहुंच गए, जो कार्रवाई का विरोध करने लगे। डॉ. प्रवीणा ने क्लीनिक की वैधता के कायदे बताए तो ग्रामीण शांत हुए। मैथूड़ी में कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य गांवों में क्लीनिक चलाने वाले झोलाछाप चिकित्सकों में भी हडकंप बना रहा।

मैथूड़ी में पहले भी बंगाली डॉक्टर को नोटिस देकर काम बंद करने को कहा, लेकिन उसने क्लीनिक बंद नहीं किया। ऐसे में कार्रवाई करते हुए दवाएं जब्त की। क्लीनिक को सीज किया गया।
डॉ. प्रवीणा, चिकित्साधिकारी, पीएचसी उथरदा

Published on:
31 Jul 2019 12:48 am