उदयपुर

सुंदरवास क्षेत्र में एटीएम लुटने का प्रयास…बदमाशों ने तोड़ दिए 3 सीसीटीवी कैमरे

www.patrika.com/rajasthan-news
less than 1 minute read
crime
सुंदरवास क्षेत्र में एटीएम लुटने का प्रयास

डॉ. सुशीलसिंह चौहान/ उदयपुर. सुंदरवास क्षेत्र में ओसवाल प्लाजा में एसबीआई बैंक के एटीएम को लूटने का प्रयास किया है। शनिवार तड़के सवा चार बजे एटीएम रूम में घुसते ही बदमाश ने सबसे पहले वहां लगे ३ सीसीटीवी कैमरे तोड़े ताकि उनकी हरकत कैमरे में कैद नहीं हो सके। मुख्य मार्ग पर हलचल होती देख वे वारदात से पहले ही भाग गए। प्रतापनगर पुलिस ने इस घटना की तफ्तीश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार लुटेरों की संख्या कैमरे तोड़ देने से स्पष्ट नहीं हो सकी है। एटीएम में लाखों का कैश पड़ा हुआ था। लुटेरे एटीएम उड़ा कर ले जाते या कटर से काटने का प्रयास करते तो बड़ा नुकसान होता। शनिवार सुबह वारदात का पता उस वक्त लगा, जब कैश वेन में आए कर्मचारियों को कैमरे टूटे हुए होने और मशीन से छेड़छाड़ करने की आशंका हुई। पुलिस को सूचना देने पर जाप्ता पहुंचा और बारीकी से तहकीकात शुरू की।

पहले भी लूटे जा चुके हैं एटीएम

हाईवे से सटे एटीएम पर लुटरों की नजर पहले भी पड़ चुकी है। हिरणमगरी और डबोक क्षेत्र में एक ही रात में दो एटीएम लूटे गए थे। इन वारदातों मंे लिप्त हरियाणा के गिरोह के कुछ सदस्यों को पुलिस पकड़ कर उदयपुर लाई थी।

इनका कहना...
एटीएम रूम के अंदर लगे सीसीटीवी तोड़े गए। एटीम मशीन को नुकसान नहीं पहुंचा सके। एेसा करने का कारण स्पष्ट नहीं है। तफ्तीश की जा रही है।

डॉ हनुवंतसिंह राजपुरोहित,थानाधिकारी प्रतापनगर

Published on:
21 Oct 2018 01:58 pm