
उदयपुर . पन्नाधाय हॉस्पिटल में सोमवार रात बाल्टी में गिरकर बच्चे के मरने के मामले में अधीक्षक डॉ मधुबाला चौहान ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की जिसमें डॉ सुशीला खोईवाल, डॉ पूनम पोसवाल और एनम्मा सिस्टर को शामिल किया गया है। कमेटी दो दिन में जांच रिपोर्ट देगी। गौरतलब है कि सेमारी तहसील के ग्राम पंचायत भौराई की बसंती को 28 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया। बसंती और उसके पति ने आरोप लगाया था कि कुछ ही घंटों के बाद जब बच्चे को हॉस्पिटल का स्टाफ इधर से उधर ले जा रहा था, तभी स्टाफ की लापरवाही के चलते नवजात बाल्टी में गिर गया। सिर पर चोट लगने से काफी खून बहा। उसे आईसीयू में ले गए लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया।
कूंट से जानलेवा हमले का आरोपी रिमाण्ड पर
उदयपुर . नाई थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते कूंट से हमला कर चचेरे भतीजे की पत्नी और उसकी बेटी पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने रिमाण्ड पर लिया है। पुलिस ने आरोपी टीलसिंह पुत्र भूरसिंह को कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमाण्ड मांगा था जिस पर उसे एक दिन के रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
थानाधिकारी भगवतीलाल ने बताया कि आरोपी से पुलिस को हमले में प्रयुक्त कूंट को बरामद करना शेष है। इधर अस्पताल में भर्ती दलपत सिंह की पत्नी पुष्पा और बेटी पूजा का इलाज चल रहा है। आधा बीघा जमीन के खातिर दोनों परिवारों में विवाद चल रहा था जिस पर दोनों अपना हक जताते थे। सोमवार शाम को आरोपी टीलसिंह ने चचेरे भतीजे की पत्नी और बेटी से गाली-गलौच करते हुए जानलेवा हमला कर दिया जिससे दोनों का एक-एक हाथ बुरी तरह से कट कर जख्मी हो गया।