उदयपुर

शिक्षा के मंदिर में खड़े हरे वृक्षों पर कुल्हाड़ी का कहर

राउमावि मगवास परिसर स्थित वृक्षों की कटाई का मामला, शीतकालीन अवकाश प्रतिदिन कट रहे हैं हरे वृक्ष
less than 1 minute read
udaipur
शिक्षा के मंदिर में खड़े हरे वृक्षों पर कुल्हाड़ी का कहर

उदयपुर/ झाड़ोल. उपखण्ड क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मगवास परिसर में प्रतिदिन हरे पेड़ों की कुर्बानी हो रही है। अज्ञात हाथों से चल रही कुल्हाड़ी के कहर से अब तक कई पेड़ काटे जा चुके हैं। शीतकालीन अवकाश के दौरान स्कूल प्रशासन इस मामले को लेकर अनजान बना हुआ है। वहीं शिकायत के बाद प्रशासनिक अमले की ओर से कार्रवाई को लेकर मौन साध रखा है। ऐसे में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के हौंसले बुलंद हैं। समस्या को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश बना हुआ है, लेकिन हद तो तब है, जब मामला उजागर होने के बाद भी वृक्षों की कटौती का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। वाक्या किसी दूरदराज क्षेत्र का नहीं बल्कि उपखण्ड मुख्यालय से महज १० किलोमीटर दूरी पर स्थित राउमावि मगवास परिसर का है। अब तक अनदेखी के चलते यहां खड़े ६ बड़े वृक्ष काटे जा चुके हैं। ग्रामीणों ने वृक्षों की कटौती को लेकर स्कूल प्रशासन को भी अवगत कराया, लेकिन कार्रवाई के नाम पर हर स्तर पर शिथिलता बरती गई। ग्रामीणों के आरोप है कि वर्षों की मेहनत के बाद तैयार वृक्षों की कटौती को लेकर स्थानीय प्रशासन भी मौन है।
स्वीकृति नहीं दी
वृक्षों की कटौती को लेकर समाचार मिला है। विद्यालय समिति की ओर से कटौती को लेकर कोई स्वीकृति नहीं दी गई है। कार्रवाई कर लोगों को पाबंद करेंगे।
सुषमा वर्मा, प्रधानाचार्य, राउमावि मगवास

Published on:
06 Jan 2019 10:14 pm