
चारभुजा. जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने शनिवार को चारभुजा थाना परिसर में सीएलजी सदस्यों एवं सुरक्षा सखी बहनों की बैठक ली। थाना पहुंचने पर पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। एसपी ने सभी सदस्यों से हेलमेट एवं साइबर अपराध से संबंधित 15 प्रश्नों वाली ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी भरवाकर सबमिट करवाई। उन्होंने बढ़ते साइबर अपराध को लेकर लोगों को जागरूक रहने और किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की। बताया कि राजसमंद जिले में बिना हेलमेट वाहन चलाने से 40 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के ऑनलाइन चालान बनाने के निर्देश दिए। सीएलजी सदस्यों ने हरियाली अमावस्या से रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक माह तक ट्रैफिक पुलिस लगाने की मांग की। एसपी ने समय पर यातायात पुलिस लगाने तथा देसूरी घाट क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों को खाली भेजने के निर्देश दिए। सदस्यों ने चोरी की वारदातों के खुलासे और बस स्टैंड पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित कराने की मांग भी रखी। एसपी ने युवाओं को शिक्षा में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सलाह दी। बाद में एसपी ने चारभुजा जी की राजभोग आरती में शामिल होकर दर्शन किए। पुजारी लक्ष्मण लाल गुर्जर ने केसर तिलक, माला, चरणामृत, इत्र, प्रसादी व पान बीड़ा भेंट किया। बैठक में डीएसपी मुकेश कुमार, थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह, सूचना अधिकारी जेठाराम सहित पूर्व सरपंच व चारभुजा मंडल अध्यक्ष सोहनलाल गुर्जर, सोहनलाल वीरावत, मोहनलाल मेघवाल, सुरेश पंचोली, प्रशासक धर्मचंद सरगरा, मनोज कुमार वैष्णव, धनराज सरगरा, घनश्याम गोखलावत, बाबू सिंह, धर्मचंद पंचोली सहित 10 पंचायतों के सीएलजी सदस्य मौजूद रहे।