
राजसमंद. लोक अधिकार मंच राजसमंद ने जनहित के विभिन्न गंभीर मुद्दों को लेकर जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा को ज्ञापन सौंपा। जिला महासचिव कपिल पालीवाल ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने आमजन की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष सम्पतलाल लड्ढा ने किशोर नगर स्थित पीएचसी को सेटेलाइट/सीएचसी के रूप में विकसित कर 24 घंटे चिकित्सा सुविधा देने की मांग की। उन्होंने बताया कि पूर्व में यहां सीएचसी/सामान्य चिकित्सालय चलता था, जिसे आरके अस्पताल की नई बिल्डिंग बनने पर स्थानांतरित किया गया। वर्तमान में तीन पीएचसी संचालित हैं, जिन्हें व्यवस्थित कर सुविधा बढ़ाई जा सकती है। इस संबंध में सिविल न्यायालय में भी मामला चल रहा है।
जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल त्रिपाठी ने राजसमंद झील को राजस्थान झील संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित घोषित करने तथा जयपुर भेजी जाने वाली रिपोर्ट शीघ्र भेजने की मांग की। जिला कोषाध्यक्ष बंशीलाल रांका ने कुंभलगढ़-राजसमंद वाया चारभुजा रोडवेज बस पुन: शुरू करने की मांग रखी। कपिल पालीवाल ने आरके अस्पताल में डिलेवरी रूम से जच्चा-बच्चा वार्ड की दूरी की समस्या बताई। रविनन्दन सिंह चारण ने चिकित्सकों के रिक्त पद भरने, सभी स्पेशलिस्ट सेवाएं उपलब्ध कराने और अस्पताल का समय सुबह-शाम दो पारी में करने की मांग की।
प्रांतीय महासचिव एडवोकेट राकेश कुमार पालीवाल ने पीपरड़ा बस स्टैंड पर ओवरब्रिज, जबकि देसूरी नाल प्रोजेक्ट, मावली-मारवाड़ ब्रॉडगेज व खारी फीडर परियोजना पर श्वेत पत्र तथा राजसमंद को गंगापुर होते हुए भीलवाड़ा तक ब्रॉडगेज से जोड़ने की मांग की। धर्मेंद्र बंधु ने झील की पुरानी नहरों की मरम्मत और सिंचाई लेवल पूर्ववत 30 फीट रखने की मांग की। बंशीलाल रांका व धर्मचंद माली ने गांधी पार्क, कांकरोली चौपाटी-बड़ा दरवाजा मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग की।
सुनील कौशिक ने कलेक्टर कार्यालय के सामने 100 फीट चौराहे पर स्पीड ब्रेकर तथा धर्मचंद माली ने तालेड़ी, जेके रोड, स्वास्तिक सिनेमा क्षेत्र एवं राजनगर में जल निकासी की व्यवस्था की मांग रखी। मंच ने जनहित बैठकों में सदस्यों को शामिल करने तथा शिकायतों के समाधान की सूचना देने की व्यवस्था की मांग भी की। कलेक्टर हसीजा ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
मंच ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा को ‘लोक सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया। इस दौरान सम्पतलाल लड्ढा, कन्हैयालाल त्रिपाठी, बंशीलाल रांका, एडवोकेट राकेश कुमार पालीवाल, धर्मेंद्र बंधु, कपिल पालीवाल, रविनन्दन सिंह चारण, धर्मचंद माली, सुनील कौशिक, आदर्श पालीवाल सहित सदस्य मौजूद रहे।