उदयपुर

बेरहम पिता : दो साल की मासूम बेटी की गला रेत कर हत्या, शव टॉवल में बांधकर तालाब किनारे फेंका

गोगुंदा क्षेत्र के सुथार मादडा गांव के नेनिया फला में बेरहम पिता ने अपनी दो साल की मासूम बेटी की गला काट कर हत्या कर दी। शव को टॉवल में बांधकर तालाब के किनारे फेंक दिया।
2 min read
• •
Updated: 26 Mar 2023, 8:26 PM IST
father killed his 2 year old daughter in udaipur

गोगुंदा (उदयपुर)। क्षेत्र के सुथार मादडा गांव के नेनिया फला में बेरहम पिता ने अपनी दो साल की मासूम बेटी की गला काट कर हत्या कर दी। शव को टॉवल में बांधकर तालाब के किनारे फेंक दिया। रविवार तड़के घटना की जानकारी ग्रामीणों को लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी भागने लगा, जिसे पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया।

गोगुंदा थानाधिकारी अनिल विश्नोई ने बताया कि नेनिया फला निवासी महेंद्र मेघवाल (30) शनिवार रात को घर में अपनी पत्नी अनीता व बच्ची काजल के साथ सो रहा था। बच्ची की दादी बाहर सोई हुई थी। सभी के सो जाने के बाद रात करीब दो बजे आरोपी बेटी काजल को उठा कर घर से करीब दो किलोमीटर दूर तालाब पर ले गया। जहां चाकू से उसका गला काटकर हत्या कर दी। उसने शव को टॉवल में बांधकर तालाब किनारे पानी में डाल दिया।

देर रात्रि में मां अनिता की नींद खुली तो बच्ची और उसका पति वहां नहीं थे। उसने अपनी सास को उठाया और आसपास बेटी को तलाशा। इस दौरान आस पड़ोस के ग्रामीण भी जाग गए। तभी आरोपी वहां आ गया। उससे बच्ची के बारे में पूछने पर उसने हत्या कर शव तालाब में डालने की बात कबूल कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से शव बरामद कर चिकित्सालय पहुंचाया। वहीं से भाग रहे आरोपी महेंद्र को गिरफ़्तार किया गया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

छोड़ चुका था नौकरी, अंधविश्वास का था शिकार
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी महेंद्र एक सौर ऊर्जा कंपनी में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। कुछ समय पहले उसने यह काम छोड़ दिया। कुछ समय इलेक्टि्रशियन का खुला काम किया, बाद में यह भी छोड़ दिया। काम के अभाव में आर्थिक तंगी के चलते वह कुछ समय से विमंदितों के जैसी हरकतें कर रहा था। साथ ही अंध विश्वास का भी शिकार था।

Published on: