
उदयपुर/अदवास. समीपवर्ती अमरपुरा पंचायत के धावडिय़ा गांव में बुधवार देर रात बिजली लाइन में शॉर्ट-सर्किट से सूने मकान में आग लग गई। ईश्वरसिंह कितावत के मकान में लगी आग से नकदी, अनाज सहित करीब 4 लाख के सामान के स्वाह होने की सूचना है। इससे पहले कितावत परिवार नवरात्रि महोत्सव को लेकर नाडोल माताजी के दर्शन करने गया था। पीछे से मकान में हुई अनहोनी की आग में पूरा सामान धूं-धूं कर जल गया। आग से हुई गंध जानकर समीपवर्ती लोग मकान का दरवाजा तोड़ भीतर घुसे और आग बुझाने के प्रयास किए। एक घंटे की मशक्कत के बाद लोग आग बुझाने में सफल हुए। सुबह लौटे परिवार की जानकारी के अनुसार करीब २५ हजार की नकदी, १० बोरी अनाज, कपड़े, बिस्तर, फ्रिज, टीवी, कम्प्यूटर, लैपटॉप, इलेक्ट्रोनिक उपकरण सहित अन्य सामान आग में जलकर स्वाह हो गया। परिजनों की सूचना पर जावर माइंस थानाधिकारी धनपतसिंह, विद्युत निगम के पलोदड़ा के कनिष्क अभियन्ता व अमरपुरा सरपंच भगवतीलाल मीणा एवं प्रशासनिक ओहदेदारों ने मौका मुआयना कर पंचनामा बनाया।