उदयपुर

गौरवपथ के फेर के खोदी अच्छी सड़क, अब पछताने के सिवा कुछ नहीं

4 माह से रूका पड़ा है सीसी सड़क निर्माण, ग्राम पंचायत माणस का मामला
less than 1 minute read
udaipur
गौरवपथ के फेर के खोदी अच्छी सड़क, अब पछताने के सिवा कुछ नहीं

उदयपुर/ झाड़ोल. पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत माणस मुख्यालय पर तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत गौरवपथ निर्माण को लेकर आमजनता से मजाक हुआ है। योजना में स्वीकृत 60 लाख रुपए को खपाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने क्षेत्र में पीएमजीएसवाई सड़क के अच्छे हिस्से को खोदकर सीसी सड़क बनाने की पहल की। इसके लिए डामरीकरण वाले एक किलोमीटर के अच्छे हिस्से को खोद डाला। अब बीते चार महीने से गौरवपथ का निर्माण कार्य बंद पड़ा है। ऐसे में बरसात के दिनों में खुदी हुई सड़क स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बढ़ा रही है। गौरतलब है कि माणस खाड़लिया फला तक पीएमजीएसवाई के तहत वर्ष 2013 में 54.99लाख रुपए की लागत से 2.13 किलोमीटर सड़क बनाई गई थी। इसके बाद 15 फरवरी को विभाग ने एक किलोमीटर सीसी सड़क के करीब 60 लाख रुपए खपाने के लिए इस सड़क के अच्छे डामरीकरण वाले हिस्से को खोद डाला। ये खेल पिछली सड़क की गारंटी अवधि के पूरा होने के बाद किया गया।

अन्य जगह पर गौरवपथ
इधर, आदर्श नवयुवक मंडल व ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी व पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदारों को ज्ञापन देकर गौरवपथ को अन्य जगह पर बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़क खोदकर सीसी सड़क बनाना न्याय नहीं होगा। बल्कि खराब सड़क को सुधारकर उन्हें गौरव योग्य बनाना इस श्रेणी में आएगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकारी उदासीनता से चार माह पहले खोदी गई अच्छी सड़क की हालत में भी सुधार नहीं हुआ है। गलियों व मोहल्लों की बहुत सी सड़कें खराब हैं।

क्षतिग्रस्त सड़क पर 'गौरव
माणस से खाड़लिया फला तक बनी पीएमजीएसवाई सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों को तोड़कर गौरवपथ बनाया जा रहा है।
मोहम्मद यूनुस पिरजादा, सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी झाड़ोल

Published on:
02 Jul 2019 06:00 am