उदयपुर

Udaipur: दूसरे दिन भी सिटी पैलेस क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात, विश्वराज सिंह बोले- अब कल एकलिंगजी के दर्शन करने जाएंगे

Udaipur News: एकलिंगनाथ जी मंदिर धूणी से पुराना है इसलिए कल वे उनके दर्शन करने जाएंगे।

2 min read
Nov 26, 2024

उदयपुर। सिटी पैलेस में प्रवेश को लेकर मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के बीच उपजा विवाद दूसरे दिन भी जारी है। इस बीच मंगलवार को विश्वराज सिंह मेवाड़ ने मीडिया से मुखातिब हुए कहा कि मेवाड़ के लोग कानून को अपने हाथ में नहीं लेते। मेवाड़ के लोग गलत चीज का व‍िरोध करते हैं। उन्होंने कहा क‍ि कल ज‍िला प्रशासन की तरफ से कमजोरी सामने आई है। प्रशासन मेरे हक को कायम नहीं कर पाई। कल एक खास अवसर था तो एक रीत-परंपरा के कारण जाना उचित था। मंदिर में जाना मेरी तरफ से क्रिमिनल ट्रेसपास नहीं हो सकता है। मंदिर में दर्शन करके वापस आएंगे, ये क्रिमिनल ट्रेसपास नहीं है। एकलिंगजी मंदिर धूणी से पुराना है। एकलिंगजी के दर्शन और धूणी के दर्शन अलग है। एकलिंगनाथ जी मंदिर धूणी से पुराना है इसलिए कल वे उनके दर्शन करने जाएंगे।

धर्म स्थल पूजनीय है, इसलिए पाबंदी नहीं होनी चाहिए

कुछ साल पहले सुप्रीम कोर्ट ने भी यह स्पष्ट किया था कि आप मध्यस्थता के जरिए अपनी बातें स्पष्ट कर दें दुख की बात है कि ऐसे विषय में बुरे हालात बने। धर्म स्थल पूजनीय है, इसलिए पाबंदी नहीं होनी चाहिए। मैं सिर्फ दर्शन के लिए जाना चाहता था लेकिन जिला प्रशासन वह भी नहीं करवा पाया, यह जिला प्रशासन की कमजोरी रही। कानूनी रूप से, पारंपरिक रूप से दर्शन करना मेरा हक बनता है, लेकिन प्रशासन वह नहीं करवा पाया।

सिटी पैलेस से पथराव होने के मामले में कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन ने प्रोपर्टी सीज करने का नोटिस लगाया। गेट खुलवाने के लिए फोर्स नहीं होने की बात कही थी। अब फोर्स मंगवा रहे हैं तो देखते हैं कि प्रशासन क्या करवा पाता है। कानूनी रूप से मुझे पूजा स्थल पर जाने से नहीं रोका जा सकता। उन्होंने कहा क‍ि 1984 में अंत‍िम बार स‍िटी पैलेस गए थे, तब से वहां नहीं गए।

यह है विवाद की वजह

दरअसल, विश्वराज सिंह मेवाड़ की पगड़ी-दस्तूर की रस्म के बाद सिटी पैलेस के धूणी स्थल पर जाने का कार्यक्रम तय किया गया। यहीं से विवाद शुरू हो गया। वर्तमान सिटी पैलेस का संचालन महेंद्र सिंह मेवाड़ के छोटे भाई अरविंद सिंह मेवाड़ की ओर से किया जा रहा है। अरविंद सिंह मेवाड़ के पक्ष ने बगैर अनुमति किसी के भी प्रवेश पर रोक लगा दी।

घंटाघर थानाधिकारी को रिसीवर नियुक्त

सिटी पैलेस में घुसने के विवाद को लेकर देर रात तक पथराव व माहौल गरमाने के बाद जिला मजिस्ट्रेट (नगर) ने विवादित स्थल को कुर्क करते हुए घंटाघर थानाधिकारी रिसीवर नियुक्त कर दिया। थानाधिकारी जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष पूरे घटनाक्रम की रिपेार्ट देते हुए कानून व्यवस्था बिगडऩे का हवाला दिया था। जिला मजिस्ट्रेट ने रिपोर्ट पर विवादित स्थल सिटी पैलेस स्थित बड़ी पोल से धूणी व जनाना महत तक जाने के रास्ते व धूणी वाले स्थान को कुर्क किया तथा मामले में घंटाघर थानाधिकारी को रिसीवर नियुक्त किया।

Updated on:
26 Nov 2024 03:05 pm
Published on:
26 Nov 2024 01:44 pm
Also Read
View All

अगली खबर