उदयपुर

जमीनी विवाद में पड़ोसी के दरवाजे पर बना दी दीवार, मां-बेटा 4 दिन से घर में कैद

फतहपुरा पीली कोठी के सामने वाली गली के एक मकान में महिला और उसका बेटा चार दिन से कैद हैं। वजह है कि पड़ोसी ने रास्ते को अपनी जमीन बताते हुए मकान के दरवाजे पर ही दीवार चिनवा दी। नतीजा ये कि मां-बेटे चार दिन से घर में ही समय काट रहे हैं। पुलिस ने पारिवारिक जमीन विवाद बताते हुए मामले से ही किनारा कर लिया।
less than 1 minute read
• •
Updated: 20 Sep 2023, 10:07 AM IST
land_dispute.jpg

उदयपुर . फतहपुरा पीली कोठी के सामने वाली गली के एक मकान में महिला और उसका बेटा चार दिन से कैद हैं। वजह है कि पड़ोसी ने रास्ते को अपनी जमीन बताते हुए मकान के दरवाजे पर ही दीवार चिनवा दी। नतीजा ये कि मां-बेटे चार दिन से घर में ही समय काट रहे हैं। पुलिस ने पारिवारिक जमीन विवाद बताते हुए मामले से ही किनारा कर लिया।

जानकारी के अनुसार फतहपुरा निवासी पुष्पा खारोल और उसका बेटा नरेश घर में कैद है। पति प्रेमशंकर और दूसरा पुत्र राजेंद्र जरुरत की चीजें दीवार के ऊपर से मां-बेटे तक पहुंचा रहे हैं। घटना चार दिन पहले की है, जिसमें पड़ोसी रोशनलाल, जमनालाल, देवीलाल और परिवार के अन्य लोगों ने घर के रास्ते को अपनी जमीन बताते हुए परिवार का आना-जाना बंद कर दिया। दीवार उस समय चिनवाई गई, जब महिला और उसका बेटा अंदर ही थे। बड़ी बात ये है कि पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दीवार चिनवा ने से नहीं रोका गया।
यह भी पढ़ें : जमीनी विवाद में पिता ने दो बेटों के साथ मिलकर तीसरे बेटे पर किया कुल्हाड़ी से हमला, पत्नी को भी पीटा


परिवार की सुनवाई नहीं
पुलिस ने पीडि़त परिवार को अनसुना करते हुए पड़ोसी की रिपोर्ट पर ही कार्रवाई कर दी। पुलिसकर्मियों ने कहा कि पड़ोसी के पास दीवार बनाने का आदेश है। दीवार बनाने से रोकोगे तो गिरफ्तार करेंगे। घटना की शिकायत करने महिला का पति प्रेमशंकर और दूसरा बेटा राजेंद्र थाने पहुंचे तो दोनों को शांतिभंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उच्चाधिकारियों की ओर से पूछा जाने पर कांस्टेबल ने पारिवारिक जमीन विवाद होकर विधिवत कार्रवाई की रिपोर्ट पेश कर दी। नतीजा यह है कि पीडि़त परिवार की सुनवाई उच्च स्तर पर भी नहीं हो रही है।

Published on: