
उदयपुर . राजसमंद में पिछले दिनों बंगाली श्रमिक की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर चल रहे भडक़ाऊ संदेशों और आपत्तिजनक नारेबाजी से बवाल पर जिला प्रशासन ने बुधवार रात 8 बजे से शहर में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। इसके बाद सेे आमजन परेशान दिखे। गुरूवार को इंटरनेट से जुड़े सभी काम ठप रहे तो सोशल मीडिया के आदी हो चुके लोग भी परेशान रहे।
इसको लेकर पिछले पांच दिनों से सोश्यल मीडिया पर जमकर कमेंट्स किए गए। इन भड़काउ भाषणों और बयानों को लेकर जिला प्रशासन हरकत में आया और धारा 144 लागू करते हुए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। शहर में चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है। चुनिंदा स्थानों पर भारी जाब्ता तैनात है। इंटरनेट सेवाएं बंद होने से आमजन परेशान हो गया है। इससे नेट से जुड़ा जरूरी कामकाज भी प्रभावित हो गया है। सबसे ज्यादा परेशान वह लोग हो रहे हैं जो आॅनलाइन बेंकिंग,आॅनलाइन पेमेंट और आॅनलाइन कारोबार करते हैं। उदयुपर में नेटबंदी से कैब वाले भी परेशान हैं।
कार्यालयों में कामकाज ठप
मोबाइल और ब्रॉडबैंड दोनों ही सेवाएं बंद होने से सभी कार्यालयों में काम काज ठप पड़ा है। इसी के साथ लेकसिटी में आने वाले ट्यूरिस्ट भी परेशान रहे। शहर में 144 धारा लागू होने से शहर में जगह जगह पुलिस तैनात है। अभी तक स्थिति नियंत्रण में है। गौरतलब है कि पुलिस-प्रशासन ने यह आदेश कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा साम्प्रदायिक सौहाद्र्र की बिगाडऩे की आशंका को देखते हुए जारी किया गया। उधर, राजसमंद में भी देर रात निषेधाज्ञा लागू कर दी गई ।
राणा के आने पर पाबंदी, स्पेशल सेल रख रही निगरानी
जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि उपदेश राणा नामक शख्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गुरुवार को उदयपुर आने की घोषणा की थी। उसके आने से माहौल बिगडऩे की आशंका पर राणा के उदयपुर सीमा में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विशेष सेल का गठन किया गया है, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट, फोटोज और वीडियो पर कड़ी निगरानी रख रही है। किसी व्यक्ति द्वारा घृणा एवं विद्वेष फैलाने वाले संदेश, टिप्पणी, चित्र या वीडियो प्रसारित किया जाएगा तो उसके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।