
उदयपुर/ भींडर. भाजपा व विधानसभा के प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया को काले झंडे दिखाने और उनके राजकीय वाहन पर स्याही फेंकने के आरोप में गिरफ्तार जनता सेना के तीन कार्यकर्ताओं को अदालत ने सोमवार को जमानत पर छोड़ा। थानाधिकारी पूनाराम गुर्जर ने बताया कि रविवार को कटारिया का काफिला गुजरते समय विरोध प्रदर्शन के बीच वाहन पर स्याही फेंकने के आरोप में बरोडिय़ा निवासी अर्जुनसिंह, किशनसिंह व धमानिया निवासी रामलाल डांगी को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें उपखण्ड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया था।
यह था मामला
भीण्डर रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर से ही वन विभाग कार्यालय के बाहर स्थानीय जनता सेना के कार्यकर्ता नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया का विरोध करने के लिए जुटने लगे थे। शाम करीब 5.30बजे कटारिया का काफिला रेलवे स्टेशन के समीप पहुंचा तो सड़क किनारे बारिश में खड़े जनता सेना कार्यकर्ताओं ने हवा में काले झंडे लहराए। वाहन पर फेंकी गई स्याही स्थानीय थानाधिकारी पूनाराम गुर्जर की वर्दी पर भी गिरी। इसके बाद पुलिस ने लाठियां भांजना शुरू किया। विशेष भूमिका अदा करने वाले आरोपियों को थाने लाया गया। गिरफ्तारी की सूचना पर पूर्व विधायक रणधीरसिंह भींडर थाने पहुंचे और जानकारी ली। इससे पहले पुलिस ने धारा १८६ में प्रकरण दर्ज किया था।