उदयपुर

Udaipur Case: उदयपुर चाकूबाजी की घटना के बाद कन्हैयालाल के बेटे ने सरकार से कर डाली इतनी बड़ी मांग

Udaipur Case : कन्हैयालाल के बेटे ने कहा कि दो साल पहले भले ही बुलडोजर कार्रवाई नहीं हो पाई, लेकिन अब भी जांच करके कार्रवाई की जानी चाहिए।
2 min read
• •
Updated: 19 Aug 2024, 10:38 AM IST
Udaipur Kanhaiyalal Murder

Udaipur Case: उदयपुर में चाकूवार के मामले में आरोपी के घर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शनिवार को की गई। इस तरह की कार्रवाई को उचित ठहराते हुए कन्हैयालाल के बेटे ने कहा कि उनके पिता के हत्यारों के घर भी बुलडोजर चलने चाहिए। इसके लिए आरोपियों की संपत्तियों की जांच की जानी चाहिए।

सरकार की अच्छी पहल बताया

टेलर कन्हैयालाल साहू के बेटे यश ने कहा कि गंभीर अपराध करने वालों के घर बुलडोजर चलाने की सरकार की अच्छी पहल है। मेरे पिता की हत्या के मामले में पकड़े गए आरोपियों के घरों की भी जांच होनी चाहिए। अवैध होने पर उनके घरों पर भी बुलडोजर चलने चाहिए। दो साल पहले पिता की हत्या के दौरान इस तरह की कार्रवाई के नजरिये से नहीं देखा गया। अब इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। दो साल पहले भले ही ऐसी कार्रवाई नहीं हो पाई, लेकिन अब भी जांच करके कार्रवाई की जानी चाहिए।

गौरतलब है कि चाकू वार की घटना को गंभीर मानते हुए राजस्थान सरकार ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासनिक जांच में सामने आया कि आरोपी का मकान वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से बना हुआ है। ऐसे में रात को ही उस पर नोटिस चस्पा कर दिया गया था। सुबह बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शुरू हो गई। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

वाम दलों ने की मुआवजे की पैरवी

घटना को लेकर वाम दलों ने कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलोन की मांग की। उन्होंने घटना के बाद शहर में तोड़फोड़ व आगजनी की घटना को पुलिस-प्रशासन की असफलता बताया और बुलडोजर चलाने की कार्रवाई को अनुचित बताया। माकपा जिला सचिव राजेश सिंघवी ने कहा कि प्रशासन ने वन भूमि पर मकान बने होने के आधार पर अतिक्रमण बताते हुए बुलडोजर चलाया। अगर इस तर्क से बुलडोजर चलाया है तो हजारों मकान, मॉल, सरकारी कॉलेज और कार्यालय भी इस जद में आते हैं। भाकपा (माले) के राज्य सचिव शंकरलाल चौधरी ने कहा कि भाजपा के इशारे पर जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की है। जिला सचिव सुभाष श्रीमाली ने कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई से जनता में नाराजगी भी है।

Updated on:
19 Aug 2024, 10:38 AM IST
Published on: