
उदयपुर . स्थापना के 18 साल बाद महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को अपना प्रशासनिक भवन मिलने वाला है। नया भवन हाईवे-8 से सटे विश्वविद्यालय के खेल मैदान के पास लगभग तैयार है। केवल मुख्य द्वार निर्माणाधीन है। नवम्बर तक यह भी पूरा होने के साथ उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशासनिक भवन को नई बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार अभी विश्वविद्यालय का प्रशासनिक भवन संघटक होम साइंस कॉलेज की बिल्डिंग में संचालित है। दूसरी ओर, नए प्रशासनिक भवन को हेरिटेज लुक में तैयार किया जा रहा है। इसमें अंडर ग्राउण्ड सहित दो फ्लोर बनाए गए हैं। दो लिफ्ट भी लगाई जाएंगी। कर्मचारियों व विद्यार्थियों के लिए अंडर ग्राउण्ड में कैंटीन भी बनाई गई है। इसी फ्लोर पर पार्किंग की भी सुविधा रहेगी। कुलपति प्रो. उमाशंकर शर्मा ने बताया कि नए भवन के द्वार के सामने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही भवन के सामने व आस-पास मिनी पार्क विकसित किया जाएगा। खेल मैदान द्वार पर छोटा व हाइवे से आने वाले मार्ग पर बड़ा मेन गेट बनाया जाएगा। नवम्बर में होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के दौरान उद्घाटन करवाने पर विचार किया जा रहा है। नवरात्र के समय कुछ विभागों को नए भवन में शिफ्ट किया गया था। इन्टरनेट व फर्नीचर संबंधी कार्य पूरा नहीं होने से दिसम्बर तक पूर्ण रूप से विवि नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
होम साइंस को मिलेगा भवन
प्रो. शर्मा ने बताया कि प्रशासनिक भवन शिफ्ट होने के बाद बिल्डिंग को होम साइंस कॉलेज के लिए उपयोग किया जा सकेगा। नए कोर्सेज आने से भवन को एक कोर्स के लिए अलग भी उपयोग किया जा सकता है। साथ ही डेयरी कॉलेज को आवश्यकता हुई तो उसे भी उपयोग के लिए दिया जा सकता है।