
गींगला. उदयपुर जिले के गींगला थाना क्षेत्र के भैंसों का मामला गांव में मंगलवार रात चोरी करने आए बदमाश ने वृद्ध महिला के चिल्लाने पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। कत्ल के बाद बदमाश घर में ही महिला की खाट के पास बैठा रहा। दरवाजा तोड़ अंदर घुसे लोगों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को डिटेन कर पूछताछ कर रही है।
गींगला थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि भैंसों का नामला निवासी पूनमचंद पुत्र गुलाबनाथ योगी ने थाने में रिपोर्ट दी कि वह और उसके दो अन्य भाई मजदूरी के लिए बाहर रहते हैं। मां केसी (75) घर में अकेली रहती है। मंगलवार देर रात बाद लालसिंह पुत्र विजय सिंह राजपूत निवासी वगावतों का रोबा चोरी करने के लिए घर में घुसा। उसने पहले महिला को धमकाया तथा बाद में कान के टॉप्स व अन्य सोने के जेवर खुलवाकर ले लिए। बाद में महिला को धमकाकर जैसे ही बदमाश जाने लगा तो वृद्ध महिला चिल्लाने लगी। तब वह घर के बाहर से फिर घर में आया और दरवाजा अंदर से बन्द करके महिला को चुप रहने के लिए कहने लगा। महिला के चिल्लाने पर मुंह दबा दिया। वृद्धा ने छटपटाते हुए दम तोड दिया। इसके बाद चोर ने कुंडी लगाकर कमरा बंद कर दिया और वही खाट के पास बैठ गया।आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े तो अंदर से दरवाजा बंद था। बाद में ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर देखा तो महिला मृत अवस्था में पड़ी थी तथा बदमाश खाट के पास बैठा था। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया व पुलिस को इत्तला दी। सूचना पर गींगला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौका कारवाई करके मृतका के बेटे पूनमचंद की रिपोर्ट पर मामला दर्ज करके पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।पुलिस ने आरोपी को डिटेन करके पूछताछ आरम्भ कर दी है। इधर, चोरी तथा हत्या की चर्चा आसपास क्षेत्र में फैल गई। कई लोग एकत्र हो गए और चर्चा करते रहे। घटना के बाद कई समाज जन भी पहुंच गए। नाथ योगी समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।