
युवक के साथ मारपीट करते हुए (फोटो पत्रिका नेटवर्क)
Udaipur News: गोगुंदा (उदयपुर): उदयपुर के सायरा थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला एक और गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक युवक के साथ बेरहमी और अमानवीय व्यवहार का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक को रस्सी के सहारे पेड़ से लटकाते और उसके साथ क्रूरता करते हुए नजर आ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक पर समाज द्वारा बनाई गई शराबबंदी की परंपरा का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया था। इसी बात से नाराज होकर समाज के कुछ तथाकथित ठेकेदारों ने कानून को हाथ में लेते हुए युवक को बंधक बना लिया और उसे पेड़ से लटका दिया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित युवक रस्सी के सहारे लटके हुए खुद को बचाने का हरसंभव प्रयास कर रहा है, लेकिन मौके पर मौजूद लोग संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर रहे हैं। कुछ लोग उसके पैर पकड़कर नीचे की ओर खींचते दिख रहे हैं, तो वहीं युवक के साथ मारपीट का प्रयास भी किया गया। प्रताड़ना की इंतहा तब हो गई जब उसके चेहरे पर पानी डालकर उसे और ज्यादा परेशान किया गया।
हैरानी की बात यह है कि घटना के दौरान वहां मौजूद लोग कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए पूरी तरह सतर्क थे। वीडियो की बैकग्राउंड आवाज में कुछ लोग दूसरों को आगाह कर रहे थे कि इस घटना का वीडियो न बनाया जाए और इसे सोशल प्लेटफॉर्म पर अपलोड न किया जाए। इसके बावजूद, किसी ने इस पूरी वारदात को कैमरे में कैद कर इंटरनेट पर वायरल कर दिया।
गौरतलब है कि सायरा क्षेत्र में इस तरह की यह दूसरी घटना है। कुछ दिनों पूर्व ही कमोल गांव का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें शराब पीने के आरोप में पंचों ने चुनीलाल नाम के युवक को पेड़ से उल्टा लटका दिया था। उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक बोरा वाली मादडी का रहने वाला बताया जा रहा है। मामले की गहनता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-राजेंद्र सिंह, एएसआई, सायरा थाना
Updated on:
17 Jul 2026 09:31 pm
Published on:
17 Jul 2026 09:31 pm
