15 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में शर्मनाक घटना: पैसे गुम हुए तो स्कूल में छात्राओं के उतरवाए कपड़े, शिक्षिका सस्पेंड

सवाईमाधोपुर जिले के बामनवास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिवाली में शिक्षिका के पैसे गुम होने पर 9वीं व 11वीं की छात्राओं के कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने का मामला सामने आया। ग्रामीणों के विरोध के बाद शिक्षिका निलंबित हुई, जबकि प्रिंसिपल की भूमिका की भी जांच शुरू हो गई।
3 min read
Google source verification
Sawai Madhopur

राउमावि लिवाली के मुख्य द्वार पर तालाबंदी के बाद बाहर खड़े ग्रामीण एवं स्टॉफ (पत्रिका फोटो)

सवाईमाधोपुर:​ बामनवास उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिवाली में एक शिक्षिका की शर्मनाक और अमानवीय करतूत के बाद उपजा जनाक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्कूल में शिक्षिका के कुछ पैसे क्या खोए, उन्होंने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए कक्षा 9वीं और 11वीं की छात्राओं के कपड़े तक उतरवाकर तलाशी ले डाली। इस बेहद संवेदनशील और शर्मनाक मामले की जानकारी मिलते ही बुधवार सुबह ग्रामीणों और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों ने छात्राओं के साथ मिलकर स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और जमकर प्रदर्शन किया।

पूरा मामला तब तूल पकड़ा, जब वरिष्ठ अध्यापिका (हिंदी) सरस्वती मीणा के करीब एक हजार रुपए खो गए। आरोप है कि शिक्षिका ने सीधे तौर पर कक्षा 9वीं और 11वीं की छात्राओं पर शक जताया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। बात यहीं नहीं रुकी, जांच के नाम पर छात्राओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए उनके कपड़े तक खुलवा दिए गए। जब डरी-सहमी छात्राओं ने घर जाकर परिजनों को इस आपबीती की जानकारी दी, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों ने घेरा स्कूल, सीबीईओ ने संभाला मोर्चा

बुधवार सुबह होते ही बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण स्कूल के बाहर जमा हो गए और मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। स्कूल में तालाबंदी और हंगामे की सूचना मिलते ही मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रतिभा मीणा तुरंत मौके पर पहुंचीं। सीबीईओ ने पीड़ित छात्राओं को ढांढस बंधाया और उनसे वन-टू-वन बात कर पूरी घटना की निष्पक्ष जानकारी ली। छात्राओं के बयानों में मामले की गंभीरता और सत्यता भांपते हुए सीबीईओ ने तुरंत इसकी विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित की।

कड़ा एक्शन: शिक्षिका सस्पेंड, मुख्यालय धौलपुर बदला

सीबीईओ की त्वरित रिपोर्ट पर स्कूल शिक्षा भरतपुर मंडल के संयुक्त निदेशक दलवीर सिंह ने तत्काल प्रभाव से एक्शन लिया। उन्होंने राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 13 के तहत वरिष्ठ अध्यापिका सरस्वती मीणा को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन काल के दौरान उनका मुख्यालय सीबीईओ कार्यालय राजाखेड़ा (धौलपुर) तय किया गया है। इसके साथ ही, स्कूल की व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक वंदना शर्मा को कार्यमुक्त कर दिया गया है।

प्रिंसिपल की भूमिका पर भी सवाल, कार्रवाई की तैयारी

इस पूरे शर्मनाक घटनाक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज कुमार मीणा की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। सीबीईओ प्रतिभा मीणा ने माना कि संस्था प्रधान ने समय रहते इस बेहद गंभीर और संवेदनशील मामले को दबाने का प्रयास किया और इसे गंभीरता से नहीं लिया। संस्था प्रधान की इस घोर लापरवाही को देखते हुए उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिख दिया गया है। फिलहाल, विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ है, लेकिन क्षेत्र में इस घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।

इनका कहना है

संबंधित शिक्षिका की ओर से इस संबंध में छात्राओं से माफी मांग ली गई थी। वहीं, विद्यालय प्रशासन को भी भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने की बात लिख कर देने की कही गई थी, जिसके चलते इस मामले से हम उच्च अधिकारियों को अवगत नहीं करा पाए।
-मनोज कुमार मीणा, प्रधानाचार्य राउमावि लिवाली

अभिभावकों ने अन्य शिक्षकों पर भी लगाए आरोप

घटना के विरोध में पहुंचे अभिभावकों ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के समक्ष आरोप लगाया कि विद्यालय के कुछ शिक्षकों ने छात्राओं को घटना की जानकारी किसी को नहीं देने के लिए डराने-धमकाने का प्रयास किया। उनका कहना था कि छात्राओं से कहा गया कि यदि वे अपने अभिभावकों या अन्य किसी व्यक्ति को इस बारे में बताएंगी तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर ऐसे सभी शिक्षकों की भूमिका की भी जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने सभी आरोपों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बड़ी खबरें

View All

सवाई माधोपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग