NEET Result 2023: आदिवासी बाहुल्य अंचल सराड़ा व सलूम्बर क्षेत्र से पहली बार एक किसान की बेटी ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने में सफलता हासिल की है। जिले की सराड़ा उपखंड के चावंड गांव की निवासी किरण पटेल का डॉक्टर बनने का सपना अब पूरा हो सकेगा।
उदयपुर। NEET Result 2023: आदिवासी बाहुल्य अंचल सराड़ा व सलूम्बर क्षेत्र से पहली बार एक किसान की बेटी ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने में सफलता हासिल की है। जिले की सराड़ा उपखंड के चावंड गांव की निवासी किरण पटेल का डॉक्टर बनने का सपना अब पूरा हो सकेगा। उसके तीन सालों की मेहनत रंग लाई और जब नीट में चयन होने की जानकारी उसे मिली तो उसकी खुशी आसमान छू गई। किरण के पिता कालूलाल पटेल पेशे से किसान हैं और मां वेलू बाई गृहिणी हैं। तीन भाई-बहनों में किरण सबसे बड़ी हैं। किरण की इस सफलता का जश्न ना केवल उसके परिवार बल्कि पूरे गांव ने मनाया। सभी ने घर आकर उसको बधाई दी और मुंह मीठा कराया।
किरण ने बताया कि उसने 12वीं वर्ष 2019 में 94 प्रतिशत अंकों के साथ की थी। इसके बाद से ही अपने डॉक्टर बनने के सपने को पूरा करने के लिए वे नीट की तैयारियों में जुटी थीं। वर्ष 2020 तो कोरोना में ही बीत गया। इसके बाद 21 और 22 में वह कुछ अंकों से रह गई। इसके बावजूद उसने हार नहीं मानी और एक ही लक्ष्य रखते हुए रात-दिन तैयारियों में जुटी रही। किरण ने बताया कि कई बार मुश्किलें आईं। जीवन में संघर्षों का दौर भी आया, लेकिन परिवार ने पूरा साथ दिया। किरण ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और अंकल को दिया। किरण के अनुसार नीट या अन्य कोई लक्ष्य मुश्किल नहीं है, अगर उसके लिए निरंतरता रखी जाए तो सफलता संभव है। उदयपुर आकर कोचिंग की और 9 से 10 घंटे पढ़ाई में ही बीतते थे। वहीं, मोबाइल और सोशल मीडिया से बिल्कुल दूरी बनाए रखी।