16 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Tikaram Jully: ‘नीट पेपर लीक में बीजेपी नेताओं का हाथ, उन्हें बचा रही सरकार’, टीकाराम जूली का बड़ा बयान

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने उदयपुर में भाजपा पर पेपर लीक आरोपों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में भाजपा नेताओं के नाम सामने आए, लेकिन सरकार उन्हें बचाने में लगी रही। जूली ने महंगाई, बेरोजगारी और विदेश नीति पर भी केंद्र सरकार को घेरा।

2 min read
Google source verification
Tika Ram Jully

Tikaram Jully (Patrika Photo)

Tikaram Jully Statement on NEET Paper Leak: उदयपुर: राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि नीट का पेपर लगातार आउट होता जा रहा है और ये लोग (भाजपा नेता) संभाल नहीं पा रहे हैं। पेपर लीक में बीजेपी नेताओं का नाम आया है, उनकी भूमिका रही है, उन्हें अरेस्ट किया गया है। लेकिन उन्हें बचाने के प्रयास में नौ दिन तक एफआईआर नहीं होने दी। मामला सीबीआई में पहुंचा तो उजागर हुआ।

राजस्थान पुलिस और सीएम महान हैं, जो पेपर लीक मान ही नहीं रहे। थाने में एफआईआर से मना कर दिया। भाजपा नेता कितनी ही बेईमानी कर लें, उन्हें बचाने का काम करते हैं। बता दें कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शुक्रवार को उदयपुर में मीडिया से रूबरू हुए थे।

टीकाराम जूली बोले कि पेपर लीक तो इनके लिए छोटी बात है। बच्चों का भविष्य खराब कर रहे हैं। बच्चों का भविष्य बनाने में माता-पिता जीवन यापन भी मुश्किल से करते हैं। मोदी सरकार का तो पेपर लीक में शतक लगने वाला है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ पेपर लीक से मना कर रहे हैं, उन्हें हकीकत मैं बता दूंगा। साबित कर दूंगा कि आरोपी भाजपा के हैं।

महंगाई का विरोध कर सत्ता में आए और इनसे नहीं संभल रही

जूली ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। इनकी विदेश नीति, प्लान समझ से परे है। बस बातें बड़ी-बड़ी करते हैं। कांग्रेस राज में पेट्रोल 55 रुपए था, वह भी महंगा लगता था और इन्होंने 100 रुपए पार करा दिया।

गैस सिलेंडर महंगे हो चुके हैं। हर चीज के दाम बढ़ा दिए। क्या हालात हैं देश में, उस पर मोदी एक शब्द नहीं बोलते। महंगाई, बेरोजगारी की गिरफ्त में पूरा देश आ चुका है। पूरा देश चिंतित है। सरकार स्थिति तो बताए। डॉलर की बराबरी करने की बात कर रहे थे, डॉलर सौ रुपए का हो गया है।

फोटो खिंचवाने के लिए मितव्ययी बन रहे नेता

पीएम मोदी दूसरों को कह रहे हैं विदेश यात्राएं मत कीजिए, खुद 5 देशों की यात्रा पर जा रहे हैं। खुद अपनी बात फॉलो नहीं कर पा रहे हैं तो देश कैसे करेगा। बीजेपी के लोग फोटो खिंचवाने के लिए नाटक कर रहे हैं। एक दिन क्या, रोज रेल में बैठो तो पता चलेगा।

जूली ने कहा, होना यह चाहिए कि पर्याप्त स्टॉक करके जनता को आश्वस्त करते। एक जगह से तेल नहीं मिल पा रहा तो दूसरी जगह से लेते। युद्ध तो कुछ समय पहले ही शुरू हुआ। इतने सालों में कच्चे तेल से कमाकर जनता का पैसा अलग-अलग मदों में पहुंचा रहे हैं। जनता को राहत नहीं, तंग करने का काम किया है। महंगाई की मार बताकर सत्ता में आ गए, लेकिन इनसे महंगाई काबू नहीं हुई।

जनता को दिखाते हैं पाकिस्तान का डर

अमेरिका हमारा मजाक उड़ा रहा है और ये ऑपरेशन सिंदूर की बरसी मना रहे हैं। एक तरफ कहा था कि खून और पानी साथ नहीं बह सकता। दूसरी तरफ आरएसएस वाले कह रहे हैं कि पाकिस्तान से बात करनी चाहिए। सरकार किसी की भी रही हो, पाकिस्तान ने जब-जब खुरापात की, उसे मुंह की खानी पड़ी। भाजपा नेता हर बार पाकिस्तान का डर दिखाते हैं। पाकिस्तान है क्या, जिसका डर जनता को दिखाते हैं।