15 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीट पेपर लीक: जयपुर के जमवारामगढ़ में CBI की रेड, घर में मिलीं महिलाएं, एक ही परिवार के 5 बच्चे कर रहे MBBS

जमवारामगढ़ में सीबीआई ने आरोपी दिनेश और मांगीलाल बिंवाल के घर व फार्महाउस पर साढ़े चार घंटे सर्च किया। परिवार की महिलाओं से पूछताछ हुई और कई दस्तावेज जब्त किए गए। फरार ऋषि बिंवाल और मेडिकल कॉलेजों में पढ़ रहे परिवार के बच्चों की भी जांच जारी है।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

May 15, 2026

NEET Paper Leak CBI Raid Jamwaramgarh in Jaipur

जमवारामगढ़ में आरोपी भाई दिनेश-मांगीलाल बिंवाल के घर सीबीआई टीम ने सर्च ऑपरेशन किया (पत्रिका फोटो)

जमवारामगढ़ (जयपुर): सीबीआई टीम ने गुरुवार को जमवारामगढ़ स्थित खटीक मोहल्ला में आरोपी भाइयों दिनेश और मांगीलाल बिंवाल के घर कई घंटे तक सर्च कार्रवाई की। उस समय घर पर केवल महिलाएं मौजूद थीं। टीम ने आरोपियों की मां प्रभू देवी, दिनेश की पत्नी रजनी और मांगीलाल की पत्नी सोनू देवी से पूछताछ की।

सीबीआई ने आरोपियों के मकान के पास बने फार्महाउस और वहां खड़ी गाड़ियों की भी तलाशी ली। करीब साढ़े चार घंटे चली कार्रवाई में कई दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की गई। कुछ जरूरी दस्तावेज टीम अपने साथ ले गई।

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी ने दिनेश बिवाल के फरार बेटे ऋषि बिंवाल के बारे में भी जानकारी जुटाई। ऋषि नीट 2026 का परीक्षार्थी बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी परिवार के पांच बच्चों का पिछले वर्षों में मेडिकल कॉलेजों में चयन को लेकर भी जांच की जा रही है।

परिवार के ये बच्चे ले रहे मेडिकल शिक्षा

जानकारी के अनुसार, मांगीलाल और दिनेश बिंवाल की एक भतीजी सानिया जयपुर के सवाई मान सिंह मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में अध्ययनरत है, जबकि दूसरी पलक महाराष्ट्र के मुंबई के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ रही है।

आरोपी मांगीलाल का बेटा विकास सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज और बेटी प्रगति दौसा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। दिनेश की बेटी गुंजन भी बनारस से मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रही है।

दौसा मेडिकल कॉलेज से प्रगति अनुपस्थित

सूत्रों के अनुसार, दौसा मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत प्रगति बिंवाल पेपरलीक मामला सामने आने के बाद अवकाश आवेदन देकर कॉलेज से चली गई। उसके अचानक अनुपस्थित होने को लेकर भी क्षेत्र में चर्चा है।

CBI की बड़ी कार्रवाई

नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई की जांच तेज हो गई है। हाल ही में जांच एजेंसी ने देशभर के 14 ठिकानों पर छापेमारी की और महाराष्ट्र से दो और आरोपियों (मनीषा वाघमारे और धनंजय लोखंडे) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 7 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

मंगलवार को सीबीआई ने पहले पकड़े गए 5 आरोपियों को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 7 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। इन पांचों में जयपुर के रहने वाले दिनेश बिंवाल, उसका भाई मांगीलाल और बेटा विकास शामिल हैं।

इनके अलावा गुरुग्राम से यश यादव और नासिक से शुभम खैरनार को भी कोर्ट ने पूछताछ के लिए सीबीआई को सौंप दिया है। सीबीआई अब इन सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके और अन्य संदिग्धों तक पहुंचा जा सके।