
उदयपुर . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से स्वच्छता अभियान का आगाज किया था, उसकी छाप उदयपुर में पहली बार उनकी सभा में देखने को मिलेगी। मोदी विजन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने 29 अगस्त को यहां खेलगांव में होने वाली उनकी जनसभा के स्थल पर 800 से ज्यादा पब्लिक टॉयलेट बनाने का प्लान हाथ में लिया जबकि अब तक बड़े नेताओं की सभाओं के दौरान इक्का-दुक्का मोबाइल टायलेट लगाए जाते रहे हैं।
खेलगांव में नगर विकास प्रन्यास और नगर निगम की ओर से बड़े स्तर पर जन सुविधा के लिए अस्थायी पब्लिक टॉयलेट बनाए जा रहे हैं ताकि इतनी बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को दिक्कत नहीं हो और इधर-उधर गंदगी नहीं फैले। मोदी के स्वच्छता मिशन की छाप यहां देखने को मिलेगी। महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट कुछ-कुछ दूरी पर बनाए जाएंगे।
मोदी की पिछली सभा में यह थी व्यवस्था
जब मोदी पीएम नहीं और गुजरात के सीएम थे, तब उदयपुर के गांधी ग्राउण्ड में हुई उनकी सभा में पब्लिक टॉयलेट जैसी व्यवस्था नहीं थी। हाल ही कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की बांसवाड़ा में हुई सभा के दौरान भी बड़ी संख्या में लोग आए लेकिन वहां पर भी पब्लिक टॉयलेट के प्रबंध नहीं थे।
गत वर्ष मुख्यमंत्री की गांधी ग्राउण्ड में हुई सभा के दौरान भी पब्लिक टॉयलेट नहीं बनाए थे, वहां मोबाइल टॉयलेट और बाहर स्थित सुलभ कॉम्पलेक्स का उपयोग हुआ था।
READ MORE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने उदयपुर पहुंची मुख्यमंत्री, खेलगांव सभा स्थल का किया दौरा
इधर, प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर रविवार को मुख्यमंत्री ने सभा स्थल खेलगांव का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही खेल गांव में प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक लेते हुए चेताया कि प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर पूरी सावधानी बरतें, तैयारियों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभा में जुटने वाली भारी भीड़ की सुविधा का हर स्तर पर ध्यान रखें। करीब 2 घंटे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि समय पर सभा से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी होनी चाहिए। अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेताया कि किसी भी स्तर पर ढिलाई उनके लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। इसके अलावा सभी जनप्रतिनिधियों को बड़ी संख्या में भीड़ जुटाने का लक्ष्य निर्धारित करने एवं भीड़ को लाने-ले जाने वाली परिवहन सेवाओं पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी गई।
प्रधानमंत्री ने देश के सामने स्वच्छता का विजन रखा है जिसके अनुरूप हम सब काम कर रहे हैं। जब उनकी सभा है तो उसमें भी करीब 800 से ज्यादा पब्लिक टॉयलेट बनाए जा रहे हैं। इससे लोगों को भी सुविधा मिलेगी, स्वच्छता भी बनी रहेगी और स्वच्छता की सोच का भी संदेश जन-जन तक जाएंगा।
- रवीन्द्र श्रीमाली, चेयरमैन यूआईटी