उदयपुर

उदयपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जोरों पर, कैदी भी करेंगे अभ्यास, बच्चों ने पानी में दिखाया करतब

International Yoga Day 2025: राजस्थान समेत पूरे देश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच उदयपुर में बच्चों ने पानी में योगाभ्यास करके सभी को चौंका दिया है।

2 min read
Jun 19, 2025
स्विमिंग पूल में योग करते बच्चे (फोटो- ANI)

International Yoga Day 2025: उदयपुर। 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत उदयपुर के महाराणा प्रताप खेलगांव में एक अनूठा आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों और युवाओं ने पानी के अंदर योग कर फिटनेस के प्रति जागरूकता का नया उदाहरण पेश किया। इस विशेष 'अंडरवॉटर योग' कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय खेल प्रशिक्षण केंद्र और योग प्रशिक्षकों की टीम द्वारा किया गया।

जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल ने बताया कि इस योग कार्यक्रम में लगभग 50 से 60 बच्चों और 15-20 अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन योग गुरु रीना पुरोहित ने किया, जो पिछले 7 सालों से खेलगांव में योग कक्षायें संचालित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि 'एक्वा योग' न केवल शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है, बल्कि मानसिक शांति भी देता है।

पानी में योग करने के फायदे

रीना पुरोहित ने कहा कि पानी में योग करने से जोड़ों के दर्द, हड्डियों की जकड़न और चलने-फिरने में दिक्कत जैसी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष लाभ मिलता है। साथ ही, यह बच्चों की लंबाई बढ़ाने, शरीर के विषैले तत्वों को बाहर निकालने और सम्पूर्ण शारीरिक विकास में मदद करता है।

21 जून को उदयपुर के 13 जगहों पर योग कार्यक्रम

इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को बताया गया कि जल और मन का गहरा संबंध होता है, और जल में योग से मन को शांति और शरीर को मजबूती मिलती है। आयोजकों ने यह भी बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहर के 13 प्रमुख स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम होंगे, जिनमें सज्जनगढ़, फतेहसागर की पाल, दूध तलाई, पिचोला झील और अमृतेश्वर महादेव मंदिर शामिल हैं।

कैदी भी करेंगे योगाभ्यास

इसके साथ ही, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग जनों और जेल में बंद कैदियों के लिए भी योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिला कलेक्टर के नेतृत्व में उदयपुर को 'योग सिटी' के रूप में स्थापित करने की दिशा में नियमित अभ्यास जारी है।

Also Read
View All

अगली खबर