
file photo
उदयपुर. सवीना फल-सब्जी मंडी इन दिनों चोरों के निशाने पर है। पिछले दो महीनों में मंडी परिसर की 5 से 6 दुकानों में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन न तो मंडी प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर पाया है और न ही पुलिस अब तक चोरों तक पहुंच सकी है। गुरुवार रात भी चोरों ने दुकान नंबर-8 का ताला तोड़कर करीब 40 से 50 हजार रुपए की नकदी चुरा ली। पीड़ित व्यापारी ने मंडी समिति और हिरणमगरी थाने में इसकी सूचना दी है।
इससे पहले चोर रतनकुमार-झुमरूमल की दुकान नंबर-8 तथा लालूराम-मोडीलाल की दुकान नंबर-19 से करीब 15 हजार रुपए चोरी कर चुके हैं। वहीं दुकान नंबर-6 स्थित अर्जुनलाल-तेजूमल की दुकान से केबल काटकर चोरी की गई। दुकान नंबर-47 (ओम सब्जी भंडार) में भी चोरी का प्रयास किया गया। सभी मामलों की सूचना मंडी समिति और पुलिस को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
11 बीघा में मंडी, लेकिन रात में सुरक्षा नहीं
करीब 11 बीघा क्षेत्र में फैली इस फल-सब्जी मंडी में 95 दुकानें और 71 प्लेटफॉर्म हैं। प्रतिदिन यहां हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। थोक कारोबार रात 2 बजे से शुरू होकर सुबह तक चलता है, जबकि खुदरा कारोबार सुबह 4 बजे से रात 9 बजे तक संचालित होता है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। मंडी के तीनों प्रवेश द्वार रातभर खुले रहते हैं और वाहनों का लगातार आवागमन बना रहता है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि रात में मंडी परिसर में एक भी सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं रहता।
सीसीटीवी भी नाकाफी
पूरे मंडी परिसर में केवल 5 से 6 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जो इतने बड़े परिसर के लिए पर्याप्त नहीं हैं। कुछ व्यापारियों ने अपनी दुकानों पर निजी कैमरे लगाए हैं। हालिया चोरी की घटना में एक दुकान के कैमरे में संदिग्धों की फुटेज भी कैद हुई है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
व्यापारियों ने उठाई सुरक्षा बढ़ाने की मांग
श्री सब्जी-फ्रूट व्यापारी संघ के अध्यक्ष मुकेश खिलवानी ने बताया कि लगातार हो रही चोरियों की शिकायतें मंडी समिति और पुलिस को दी जा चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। व्यापारियों ने मंडी में रात्रिकालीन सुरक्षा गार्ड तैनात करने, सभी प्रवेश द्वारों पर निगरानी बढ़ाने तथा पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।
Published on:
28 Jun 2026 05:59 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
