
उदयपुर . स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पिछले महीने भर से उदयपुर के वॉल सिटी क्षेत्र में लागू की गई नो व्हीकल जोन का विरोध शुरू हो गया है। इस पर्यटन क्षेत्र के व्यापारियों ने इस बात को लेकर सोमवार को बाजार बंद रखा कि इस व्यवस्था से इस क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या घटी जिसका असर उनके व्यवसाय पर भी पड़ा है। समझइश पर करीब तीन घंटे बाद बाजार खुले। इस क्षेत्र में जगदीश मंदिर मार्ग, सिटी पैलेस मार्ग, गणगौर घाट रोड तथा घंटाघर की तरफ मांजी की बावड़ी तक की दुकानें बंद रही।
पार्षद ने समझाया कि सीईओ को आने दे
विरोध के बीच पार्षद और नगर निगम की राजस्व समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र जावलिया जगदीश चौक पुलिस चौकी पहुंचे, पुलिस और उन्होंने व्यापारियों को समझाया। जावलिया ने कहा कि स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ सिद्धार्थ सिहाग 20 नवंबर बाद उदयपुर आ जाएंगे तब इस पर बात कर सभी समस्याओं का समाधान करवा देंगे तब व्यापारी माने और बंद दुकानें करीब 12 बजे खोली।
पहले यहां भी बदली व्यवस्थाएं
अश्विनी बाजार : शहर के अश्विनी बाजार से हाथीपोल तक पार्किंग को विकसित करने के लिए अभियान शुरू किया गया। आईसीएलईआई संस्था (साउथ एशिया) की टीम ने वहां पर सीमांकन करने हुए वाहनों की पार्किंग का प्रयोग शुरू किया, फिलहाल वहां यह प्रयोग लागू नहीं हुआ।
सूरजपोल चौराहा : सूरजपोल चौराहा पर ट्रैफिक लाइट के संकेत से वाहनों का आना-जाना बंद कर दिया। वहां स्मार्ट सिटी के तहत गोल राउण्ड में टैफिक सुविधा शुरू की गई इसके तहत चारों दिशाओं से आने वाले वाहन गोल राउण्ड में चौराहा घूमते है निकलते है ऐसे में वे बिना रुके और समय गंवाए चौराहा पार कर लेते है।