
उदयपुर . नई भर्ती और नियमितीकरण की मांग कर रहे राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) कार्मिकों ने मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट के बाहर सरकार विरोधी नारेबाजी के साथ अद्र्धनग्न प्रदर्शन किया। मांगों को लेकर सक्रिय संविदा कार्मिकों ने सरकार पर 2013 में शामिल चुनावी वादों को याद दिलाते हुए सरकार से स्थायी भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। लगातार 36वें दिन कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। दूसरी ओर अव्यवस्था को लेकर पुलिस को मौके पर खासी मशक्कत करनी पड़ी।
हालांकि पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्मिकों को कलक्ट्रेट के बाहर ही रोके रखा। इधर, लगातार 36 दिनों से संविदा कार्मिकों के भरोसे संचालित होने वाले चिकित्सा विभाग के कामकाज पूरी तरह ठप पड़े हैं। एनआरएचएम के परियोजना प्रबंधक स्तर पर भी सरकार के विरोध में नारेबाजी में हिस्सा लिया जा रहा है। ऐसे में निचले स्तर पर व्यवस्था डगमगाना लाजमी है।
गौरतलब है कि संविदा कार्मिकों की ओर से प्रदेश के हर जिले में इस तरह की आंदोलनात्मक गतिविधियां जारी हैं। इस कड़ी में प्रदर्शन, पूजा, आरती, हवन, मानव श्रृंखला व ज्ञापन जैसी गतिविधियां हो चुकी हैं।
read also: जनजाति विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे
उदयपुर . जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग ने अनुसूचित जनजाति छात्र-छात्राओं से विभिन्न शैक्षणिक प्रोत्साहन योजनाओं के लिए 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जनजाति क्षेत्रीय विकास आयुक्त भवानीसिंह देथा ने बताया कि जनजाति छात्राओं से उच्च शिक्षा सहायता, उच्च माध्यमिक शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता, नि:शुल्क स्कूटी वितरण योजनाएं बोर्ड एवं विश्वविद्यालय में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण जनजाति छात्रों से आर्थिक सहायता तथा छात्र गृह किराया योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 30 नवंबर के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। 8 दिसंबर तक आवेदनों की जांच कर आवेदन पत्र स्वीकृतकर्ता अधिकारियों को फॉरवर्ड किया जाएगा। 15 दिसंबर तक संबंधित अधिकारियों की ओर से ऑनलाइन स्वीकृति जारी की जाएगी तथा अपूर्ण आवेदनों को पुन: शिक्षण संस्थाओं व विद्यार्थियों को फॉरवर्ड किया जाएगा। 22 दिसंबर तक स्वीकृत आवेदनों की जिला कार्यालय की ओर से जांच कर कोषालय में भुगतान के लिए प्रेषित किया जाएगा तथा 5 जनवरी से पूर्व पारितशुदा बिलों की राशि विद्यार्थियों के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।