उदयपुर

Watch : मानसून में सबसे अधिक बही सीसारमा, छलका खुशियों का स्वरूपसागर

- सीसारमा में बहा नौ फीट पानी- दोपहर में झमाझम बारिश देवास में तीन इंच बारिश
2 min read
Aug 31, 2019
Watch : देवास में तीन इंच बारिश, छलका खुशियों का स्वरूपसागर
Watch : देवास में तीन इंच बारिश, छलका खुशियों का स्वरूपसागर

Rainfall in Udaipur : Weather in Udaipur धीरेंद्र् कुमार जोशी/उदयपुर. धीरे-धीरे ही सही आखिर उदयपुर ( Udaipur ) की दो प्रमुख झीलें ( Lake ) भर गई है। स्वरूप सागर शहरवासियों की आशाओं को पूरा करते हुए शुक्रवार शाम को छलक गया। दोपहर से शाम तक हुई तेज बारिश ( Rain ) से सीसारमा नदी में पानी की आवक तेज हो गई। ऐसे में स्वरूप सागर के तीन गेट खोलने पड़े। दूसरी ओर फतहसागर में मदार नहर से पानी की आवक जारी है। इससे फतहसागर ( Fateh Sagar ) के छलकने की उम्मीदें भी बढ़ गई है।
दिनभर तेज उमस के बाद दोपहर करीब तीन बजे आसमान पर काले घने बादल छा गए। कुछ ही देर में बादलों ने बरसना शुरू कर दिया। इस बीच बिजली कडक़ड़ाती रही। करीब दो घंटे तक कभी तेज तो कभी मध्यम बारिश का दौर जारी रहा। इसके बाद भी देर रात तक रिमझिम बारिश ( Rain ) होती रही। इस दौरान झीलों के कैचमेंट क्षेत्र में भी बारिश हुई। जिससे सीसारमा नदी चार फीट बहने लगी और पिछोला झील का गेज 11 फीट हो गया। साथ ही शाम करीब 4.45 बजे स्वरूपसागर ( Swaroop Sagar ) स्थित काले किवाड़ के किनारों से पानी छलकने लगा। रात करीब सात बजे सीसारमा नदी 5 फीट पर चलने लगी तो आठ बजे स्वरूपसागर के दो गेट खोले गए। इसके बाद भी सीसारमा नदी का जलस्तर बढ़ता रहा। रात करीब साढ़े नौ बजे सीसारमा नदी नौ फीट बहने लगी। यह इस मानसून में सर्वाधिक वेग से बही। इससे स्वरूप सागर के तीन गेट जिनमें दो गेट दो-दो फीट और एक गेट एक फीट खोला गया। इससे 1600 क्यूसेक पानी यूआईटी, गुमानियावाला होते हुए आयड़ नदी में समाहित हुआ। मदार नहर से लगातार आवक जारी रहने से फतहसागर का गेज देर रात तक 11 फीट हो गया।

उदयपुर में 38 मिमी
जिले में शुक्रवार को सर्वाधिक बारिश देवास में 75 मिमी में हुई। उदयपुर में 38 मिमी,मदार में 26, गोगुंदा 12, बागोलिया में 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

सुबह देवास तो शाम को बंद किए लिंक नहर के गेट
देवास प्रथम के अलसीगढ़ बांध का गेट शुक्रवार सुबह 8 बजे बंद कर दिया गया। फतहसागर और पिछोला का जलस्तर एक समान होने के साथ ही शाम करीब 4.20 बजे स्वरूपसागर लिंक नहर के गेट को बंद कर दिया गया। इससे फतहसागर में स्वरूपसागर से पानी जाना बंद हो गया। इधर फतहसागर में मदार नहर से पानी की आवक जारी है।

चिकलवास फिडर हुआ ओवरफ्लो
मदार में बारिश होने से पानी की आवक बढ़ी। इससे चिकलवास फिडर एक बार पुन: ओवर फ्लो हो गया। इससे दोपहर तक 3.6 फीट चल रही मदार नहर अपने पूरे वेग से पुन: 5 फीट बहने लगी। इससे फतहसागर में पानी की आवक बढ़ गई।

शहर में जगह-जगह भरा पानी
बारिश के दौरान शहर में जगह-जगह गड्ढ़ों में पानी भर गया। मुख्य मार्गों पर पड़े गड्ढ़ों में भरे पानी से वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इनकी ओर नगर निगम की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। चेटक चौराहा के पास, सेक्टर-3,4,5,6, दुर्गानर्सरी रोड, सूरजपोल सहित कई जगह बड़े-बड़े गड्ढों में वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ता रहा। कुछ जगह गड्ढों से जाम की स्थिति भी रही। Rainfall in Udaipur : Weather in Udaipur

Published on:
31 Aug 2019 07:00 am