उदयपुर

राजस्थान के 7076 सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा का सपना अधूरा, यू-डाइस की रिपोर्ट में खुलासा

Digital Education: राजस्थान सरकार सरकारी विद्यालयों को 21वीं सदी की आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने के लिए स्मार्ट क्लास, डिजिटल लर्निंग और तकनीक आधारित शिक्षण पर लगातार निवेश कर रही है। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि राजस्थान में आज भी 9227 विद्यालय ऐसे हैं, जहां बिजली की सुविधा नहीं है।
2 min read
UDISE Report
Crisis for digital education in Rajasthan's government schools, photo AI

Digital Education: राजस्थान सरकार सरकारी विद्यालयों को 21वीं सदी की आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने के लिए स्मार्ट क्लास, डिजिटल लर्निंग और तकनीक आधारित शिक्षण पर लगातार निवेश कर रही है। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि राजस्थान में आज भी 9227 विद्यालय ऐसे हैं, जहां बिजली की सुविधा नहीं है। इनमें अकेले 7076 सरकारी विद्यालय शामिल हैं। बिजली के अभाव में इन स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर, प्रोजेक्टर, पंखे और शुद्ध पेयजल के लिए लगाए फिल्टर तक उपयोग में नहीं आ पा रहे हैं।

ऐसे में डिजिटल शिक्षा का सपना अब भी अधूरा है। ग्रामीण, आदिवासी और दूरस्थ रेगिस्तानी क्षेत्रों के विद्यालयों में हालात ज्यादा गंभीर है। इन इलाकों में बिजली नहीं होने से बच्चे आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति और डिजिटल लर्निंग को बढ़ावा देने के लिए सरकार स्मार्ट क्लास और आइसीटी आधारित शिक्षा पर जोर दे रही है, लेकिन बिजली के अभाव में ग्रामीण विद्यालयों में यह व्यवस्था प्रभावी नहीं हो पा रही।

जर्जर भवन और कमरों की कमी

राजस्थान के अनेक प्राथमिक विद्यालय दोहरी समस्या का सामना कर रहे हैं। एक ओर बिजली नहीं है, दूसरी ओर जर्जर भवन और कक्षाओं की कमी भी चुनौती बनी हुई है। कई विद्यालयों में एक ही कमरे में दो से तीन कक्षाएं संचालित हो रही हैं। कई जगह प्रयोगशाला, पुस्तकालय और डिजिटल कक्ष जैसी सुविधाएं केवल कागजों में सीमित हैं।

सोलर सिस्टम लगाने की योजना

शिक्षा विभाग ने बिजली विहीन विद्यालयों में सौर ऊर्जा आधारित सिस्टम लगाने की योजना बनाई है। उत्कृष्ट योजना के तहत इन विद्यालयों में सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। इससे स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर, पंखे, पेयजल फिल्टर और अन्य शैक्षणिक उपकरण सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगे। साथ ही बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ भी नहीं रहेगा। विभाग का मानना है कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों के लिए सौर ऊर्जा सबसे टिकाऊ और व्यावहारिक समाधान है।

यू-डाइस रिपोर्ट : राज्य में विद्यालयों की बिजली स्थिति

राजस्थान में कुल विद्यालय (सभी प्रबंधन)

कुल विद्यालय- 106302

सरकारी- 70155

निजी- 33548

अन्य- 2599

इन विद्यालयों में बिजली उपलब्ध

कुल- 98054

सरकारी- 63752

निजी- 32150

अन्य- 2152

कनेक्शन है पर बिजली अनियमित

कुल- 97075

सरकारी- 63,079

निजी- 31883

अन्य- 2113

इन विद्यालयों में बिजली नहीं

कुल 9227

सरकारी- 7076

निजी- 1665

अन्य- 486

(यू-डाइसः शिक्षा के लिए एकीकृत जिला सूचना प्रणाली)

Published on:
03 Jul 2026 09:19 am