
मृतक मुकेश मीणा (पत्रिका फोटो)
Udaipur Contractor Dumper Accident: राजस्थान में उदयपुर जिले के हिरणमगरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। भोपा मगरी (आजाद नगर) इलाके में निर्माण सामग्री से भरे एक मिनी डंपर को रिवर्स करवाते समय एक ठेकेदार की डंपर और मकान की दीवार के बीच दबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सलूंबर जिले के सेमारी ब्लॉक के जनकावड़ा निवासी मुकेश मीणा (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में ऋषभदेव में रह रहे थे।
हादसे की सबसे भावुक बात यह रही कि मौत के कुछ मिनट पहले ही ठेकेदार ने अपने सभी मजदूरों का पूरा भुगतान किया था और कहा था, आज तक का हिसाब हो गया, अब कल का कल देखेंगे। किसे पता था कि मुकेश के जीवन का 'कल' कभी आएगा ही नहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ठेकेदार मुकेश मीणा भोपा मगरी स्थित महात्मा गांधी राजकीय स्कूल के पास करीब 3 से 4 मकानों के निर्माण का काम करवा रहे थे। मंगलवार शाम को एक निर्माणाधीन मकान के लिए बजरी (रेत) से भरा एक मिनी डंपर वहां पहुंचा।
तंग गली होने के कारण ड्राइवर डंपर को रिवर्स कर रहा था। पीछे एक मकान की दीवार थी और पास में ही एक बिजली का पोल भी था। डंपर दीवार या पोल से न टकरा जाए, इसके लिए मुकेश खुद डंपर के ठीक पीछे खड़े होकर ड्राइवर को आवाज देकर इशारा कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ा और डंपर तेजी से पीछे आ गया।
प्रत्यक्षदर्शी हीरालाल पालीवाल ने बताया, एक मिनट के भीतर सब कुछ खत्म हो गया। डंपर चालक ने बिजली के पोल से बचने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी सीधे पीछे घर की दीवार तक आ गई। मुकेश को संभलने का मौका ही नहीं मिला। उनका सिर डंपर और दीवार के बीच में आ गया और वे बुरी तरह पिचक गए। मौके पर चारों तरफ खून ही खून फैल गया।
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और मजदूरों ने भारी मशक्कत के बाद लहूलुहान हालत में मुकेश को डंपर और दीवार के बीच से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत ही एक निजी कार से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही हिरणमगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बजरी से भरे डंपर को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया।
मुकेश मीणा के इस अचानक और दुखद निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र के निवर्तमान पार्षद चंद्रप्रकाश सुहालका, पूर्व पार्षद लवदेव बागड़ी, देशराज बागड़ी और भारत सुहालका सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे। पार्षद चंद्रप्रकाश सुहालका ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मुकेश बेहद मिलनसार, व्यावहारिक और सीधे स्वभाव के व्यक्ति थे। मोहल्ले का हर व्यक्ति उन्हें अच्छे से जानता था। इस हादसे से पूरा क्षेत्र सदमे में है।
पूर्व पार्षद लवदेव बागड़ी ने बताया कि हादसे वाले स्थान से महज 100 मीटर की दूरी पर सोमवार को ही एक मकान की छत भराई का काम हुआ था। हादसे से कुछ ही मिनट पहले मुकेश वहीं पास में एक चबूतरे पर बैठे थे। उन्होंने वहां काम करने वाली लेबर को बुलाकर उनका पूरा पेमेंट किया।
हिसाब चुकता करते हुए मुकेश ने मुस्कुराकर कहा था कि आज तक का पूरा हिसाब-किताब फाइनल हो गया है, अब कल का काम कल से देखेंगे। इसके कुछ ही देर बाद वह डंपर को बैक करवाने चले गए और यह खौफनाक हादसा हो गया।
Published on:
01 Jul 2026 08:11 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
