29 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उदयपुर : खंड वर्षा से प्री-मानसून फीका, इस सप्ताह झमाझम की आस

उदयपुर में रविवार को खंडवर्षा का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने 2 जुलाई से बारिश बढ़ने और जुलाई के पहले सप्ताह में अच्छी मानसूनी बारिश की संभावना जताई है।
2 min read
Google source verification
udaipur weather

बारिश के बाद मौसम सुहावना होने पर शहरवासी आसपास के पर्यटन स्थलों की ओर निकल पड़े। शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर रायता हिल्स पर मौसम का लुत्फ उठाते शहरवासी और खूबसूरत वादियों के बीच सेल्फी लेती महिलाओं का समूह।

उदयपुर. पिछले दिनों से चल रहे प्री-मानूसन बरसात के क्रम में रविवार को भी खंडवर्षा का दौर जारी रहा। दोपहर से शाम के बीच अलग अलग समय में अलग अलग जगहों पर मध्यम तेज बरसात हुई। जहां कहीं तेज बरसात हुई, वहां पेड़ गिरने के साथ ही सड़क पर जल जमाव के हालात भी बने।

मानसून से पहले चल रही गतिविधियों से मौसमी उतार चढ़ाव का दौर देखने को मिल रहा है। गर्मी के बीच हवा में नमी बढ़ने से उमस आमजन को हैरान कर रही है। रविवार को सुबह से स्थिति सामान्य थी, लेकिन दोपहर बाद बदले मौसम में खंडवर्षा हुई। शहर के कुछ हिस्से सूखे ही रहे, जबकि आधे से ज्यादा हिस्सों में बरसात हुई। इस दौरान जिले के मेनार और वाना क्षेत्र में आधे घंटे के लिए तेज बरसात हुई। उदयपुर संभाग के कुछ भागों में अगले 2-3 दिन तक तेज मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश जारी रहने की संभावना है।

तापमान में गिरावट

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री और न्यूनतम 22.7 डिग्री दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले अधिकतम 37 और न्यूनतम 23.2 डिग्री रहा था। लिहाजा दिन के पारे में 0.9 डिग्री और रात के पारे में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। ऐसे में दिन का पारा अब भी औसत से 1 डिग्री अधिक है, जबकि रात का पारा औसत से 0.5 डिग्री नीचे आ गया है।

आगे क्या: मौसम का पूर्वानुमान

दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान में 2 जुलाई से बारिश में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। 3 से 5 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद जुलाई के पहले सप्ताह में मानसूनी बरसात में तेजी आने के आसान बन रहे हैं, हालांकि पहला दौर फीका ही रहना बताया गया है।