30 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उदयपुर : हरियाली बढ़ाने की जुगत, शहरों के प्रमुख मार्गों पर रोपेंगे 12 फीट ऊंचे पौधे

प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को वर्षा ऋतु में प्रमुख मार्गों पर 12 फीट ऊंचे विकसित पौधे लगाने और पार्कों की नियमित सफाई, हरियाली व बंद फव्वारों को चालू करने के निर्देश दिए गए हैं।
2 min read
Google source verification
tree plantation in city main roads

demo pic

उदयपुर. प्रदेश के शहरों को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए स्थानीय निकाय विभाग (डीएलबी) ने प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं को वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत शहरों के प्रमुख मार्गों के दोनों ओर 12 फीट ऊंचाई वाले विकसित पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही पार्कों और उद्यानों के रख-रखाव, नियमित सफाई, हरियाली और अन्य सुविधाओं की निगरानी को भी अनिवार्य किया गया है।

यह कार्रवाई स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के प्रदेश ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता की ओर से मुख्यमंत्री और स्वायत्त शासन विभाग को भेजे गए सुझावों के बाद की गई है। विभाग ने उनके सुझावों को शामिल करते हुए सभी नगरीय निकायों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सार्वजनिक पार्को की करनी होगी नियमित सफाई

डीएलबी के आदेश के अनुसार सभी नगरीय निकायों को वर्षा ऋतु में अधिकतम पौधरोपण सुनिश्चित करना होगा। प्रमुख सड़कों के किनारे बड़े और विकसित पौधे लगाए जाएंगे ताकि कम समय में हरियाली विकसित हो सके और शहरों का सौंदर्य बढ़ने के साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिले। इसके अलावा सभी सार्वजनिक पार्कों में नियमित सफाई, घास एवं पुष्पीय पौधों का रख-रखाव, बंद पड़े फव्वारों को पुनः चालू करना और उनका नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्कों में सुझाव पुस्तिका रखने के भी आदेश दिए गए हैं, जिससे नागरिक अपनी समस्याएं और सुझाव दर्ज करा सकें। सभी निकायों को किए गए कार्यों की रिपोर्ट निदेशालय को भेजनी होगी।

लापरवाही पर रहेगी नजर

विभाग ने माना है कि कई शहरों में पार्कों की नियमित देखरेख नहीं होने से हरियाली प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर फव्वारे बंद पड़े हैं और सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। ऐसे में अब निकायों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखना होगा।

--

शहरों में विकसित और बड़े पौधे लगाए जाएं तथा पार्कों का नियमित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए तो कम समय में हरियाली का दायरा बढ़ेगा। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ शहरों का सौंदर्य भी बढ़ेगा और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलेगा। राज्य सरकार की ओर से इस दिशा में त्वरित निर्णय लेना स्वागतयोग्य कदम है।

केके गुप्ता, ब्रांड एंबेसडर स्वच्छ भारत मिशन