उदयपुर

शशि कपूर की उदयपुर से जुड़ी हैं ये यादें, हॉलीवुड की इस फिल्म की शूटिंग के लिए आए थे लेकसिटी

उदयपुर . शशि कपूर की यादें लेकसिटी से भी जुड़ी हुई हैं। वे करीब 34-35 साल पहले एक हॉलीवुड फिल्म की शूटिंग के लिए उदयपुर आए थे
2 min read
Dec 05, 2017
shashi kapoor in udaipur lakecity

उदयपुर . ‘जब-जब फूल खिले’ एक खूबसूरत और मासूम प्रेम कहानी जब पर्दे पर उतरी, तो एक मुस्कुराते हुए नायक की छवि भी दर्शकों के जेहन में उतर गई। ये थे शशि कपूर, जो कपूर खानदान से होने के बावजूद उसके असर से एकदम मुक्त नजर आए। यूं फिल्मी दुनिया में उनका आगाज तो बचपन में ही हो चुका था। पृथ्वीराज कपूर के इस सबसे छोटे बेटे को अभिनय विरासत में मिला था। खेलने के लिए सिर्फ घर का आंगन ही नहीं था, पृथ्वीराज थिएटर भी था। नाटक करते-करते एक बच्चे ने अभिनय की पाठशाला में कब दाखिला ले लिया, उसे पता ही न चला। वो बाल कलाकार बना।

अपने बड़े भाई राज कपूर की फिल्मों ‘आग’ और ‘आवारा’ में भी नजर आया। शशि इतने व्यस्त थे कि दिन में तीन से चार फिल्मों की शूटिंग करते थे। अपने भाई राज कपूर को सत्यम शिवम सुंदरम’ के लिए वक्त नहीं दे पाते थे। राज साहब ने नाराज होकर उन्हें ‘टैक्सी’ कह दिया था क्योंकि शशि का मीटर हमेशा डाउन रहता था।

लेकसिटी से भी जुड़ी हैं शशि कपूर की यादें: हॉलीवुड फिल्म हीट एंड डस्ट की हुई थी शूटिंग- मेरे पास मां है...डायलॉग से बॉलीवुड में छाने वाले वेटरन एक्टर शशि कपूर का सोमवार को निधन हो गया। उनके निधन से पूरे बॉलीवुड के साथ सिनेमाप्रेमियों में शोक छा गया है। शशि कपूर की यादें लेकसिटी से भी जुड़ी हुई हैं। वे करीब 34-35 साल पहले एक हॉलीवुड फिल्म की शूटिंग के लिए उदयपुर आए थे जिसका नाम था ‘हीट एंड डस्ट’। यह 1983 में रिलीज हुई थी। फिल्म में शशि कपूर ने नवाब का किरदार निभाया था। उनके अलावा इस फिल्म में ग्रेटा स्कैकी और जूली क्रिस्टी भी थे। निर्देशक जैम्स आइवरी थे। इसकी शूटिंग उदयपुर की खूबसूरत झीलों के किनारे और पैलेस में हुई थी। इसके बाद हॉलीवुड की कई और फिल्मों की शूटिंग भी उदयपुर में होती रही जिसमें वर्ष 1983 में रिलीज हुई जेम्स बॉन्ड सीरीज की फिल्म ऑक्टोपसी से उदयपुर को हॉलीवुड में पहचान मिली। शहर के सिनेमाप्रेमियों ने शशि कपूर के निधन पर शोक जताया।


उदयपुर में गांधी, ऑक्टोपसी, हीट एंड डस्ट, गाइड, मेरा गांव मेरा देश, खोटे सिक्के, पूरब और पश्चिम, फूल बने अंगारे, राजपूत, समाधि, मेरा साया, मैं तुलसी तेरे आंगन की, जॉनी मेरा नाम, राजा जानी, फिजा, चलो इश्क लड़ाएं, धमाल, खुदा गवाह, एकलव्य, जीत, दहक, अब के बरस, चुनौती, यादगार, जिस देश में गंगा रहता है, हीरा, कच्चे धागे, सरकारी मेहमान, यादें, एक बुरा आदमी, ये जो मोहब्बत है, जय बोलो बेईमान, चोरों की बारात, कजरारे, द बेस्ट एग्जोटिक मेरीगोल्ड होटल, ये जवानी है दीवानी, रामलीला-गोलियों की रासलीला, प्रेम रतन धन पाया आदि के अलावा कई और भी फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। इसके अलावा कई एड फिल्म्स, सीरियल्स और डॉक्यूमेंट्रीज भी शूट हो चुकी हैं।

Published on:
05 Dec 2017 11:27 am