
उदयपुर. नगर निगम चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की ओर से प्रचार- प्रसार तेज हो गया है। घर-घर जनसम्पर्क हो रहा है। सभाओं के साथ नुक्कड़ चौपालें हो रही है। डिजिटल दौर में प्रचार के लिए सोश्यल मीडिया पर प्रचार जोर शोर से हो रहा है लेकिन दोनों ही पार्टियों में 60 की उम्र पार के अधिकंाश प्रत्याशी इस पर कमजोर पकड़ के कारण परेशान है। हालांकि टिकट मिलने के बाद उनके साथ जुड़ी युवा टीम ने सोश्यल मीडिया पर प्रचार की कमान संभाली है। जिन्होंने कल तक सोश्यल मीडिया के प्रयोग से दूरी बना रखी थी वे भी अब के चुनावी माहौल में सुबह शाम फोटो सहित पोस्टें डलवा रहे हैं।
जन्मदिन-सालगिरह की दे रहे बधाई
कुछ प्रत्याशियों ने अपने पक्ष में सोश्यल मीडिया पर माहौल बनाए रखने के लिए निजी तौर पर आईटी टीम सक्रिय कर दी है। वार्ड के मतदाताओं के नम्बर इनको उपलब्ध करवा दिए गए है, जिससे दिन में दो से तीन बार मैसेज भेजने के साथ त्योहार, जन्मदिन, शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं दे रहे हैं, वहीं किसी के गमजदा माहौल में शोक जताने से भी नहीं चूक रहे हैं।