उदयपुर

student union election in udaipur : उदयपुर में मुफ्त की मस्ती में मस्त हुए छात्र मतदाता

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
student union election
student union election in udaipur : उदयपुर में मुफ्त की मस्ती में मस्त हुए छात्र मतदाता

भुवनेश पंड्या/उदयपुर. छात्रसंघ चुनाव विवि परिसर से बाहर निकल लिंगदोह समिति की सिफारिशों को हवा में उड़ा रहा है। प्रत्याशियों ने शहर से बाहरी हिस्सों में स्थित दूर दराज की रिसोर्ट में छात्र मतदाताओं के लिए पार्टियां आयोजित की। यहां बकायदा खाने-पीने व मौज मस्ती की सभी व्यवस्थाएं रखी गई। मतदान में अब केवल एक ही दिन रहा है, ऐसे में प्रत्याशी व छात्र नेता कोई कोर कसर छोडऩा नहीं चाहते। इसलिए वे तरह-तरह का जतन कर मतदाता विद्यार्थियों को लुभाने में लगे हुए हैं।ढीकली, तितरड़ी और बड़ी जैसे स्थानों पर स्थित रिसोर्ट में बुधवार को विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ छात्र नेता स्वयं के वाहनों से वहां पहुंचे, जबकि प्रत्याशियों ने अलग-अलग कॉलेजों के आगे अल सुबह ही बसें व अन्य वाहन लगा रखे थे, जो विद्यार्थियों को कॉलेजों से सीधे उन रिसोर्ट लेकर पहुंचे। विद्यार्थी उन बसों से रिसोर्ट तक ले जाए गए, यहां उन्होंने स्विमिंग पूल का आनन्द लिया तो डीजे की मस्ती में जमकर झूमे, इसके बाद उन्होंने लजीज व्यजंनों को लुत्फ भी लिया।

बंद कमरे में परोसा नशा

रिसोर्ट पर शराब का प्रबन्ध भी था, लेकिन वह खुले में नहीं था। जिसे भी झूमने का मन होता वह उस बंद कमरे के बाहर लाइन में खड़ा होता, जब उसकी बारी आती, तब वह अन्दर जाते रहे। ढीकली स्थित एक रिसोर्ट में बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र नेता दिखे, कई तो ऐसे थे कि जो नहाने के तुरन्त बाद दो-दो थालियों से ही भोजन लेने में जुट गए।

यहां उल्लंघन की शिकायत...वहां धडल्ले से टी शर्ट से प्रचार

- - एमपीयूएटी में शिकायत, सुविवि में प्रचार पर नजर नहीं - एनएसयूआई के पूर्व इकाई अध्यक्ष चौधरी ने दिया पत्र उदयपुर. लिंगदोह समिति की ओर से तय मापदण्डों के बाद भी प्रत्याशी सारे कायदे हवा में उड़ा रहे हैं,हाल ये है कि प्रत्याशी बकायदा अपने नाम वाले टी शर्ट बांटकर प्रचार कर रहे हैं। छात्र नेताओं ने ये टी शर्ट विद्यार्थियों को बांटे हैं, ताकि वे कॉलेज आते समय इस टी शर्ट को पहने और इससे प्रचार करें। सुखाडिय़ा विवि में केन्द्रीय छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे एबीवीपी के प्रत्याशी हिमांशु बागड़ी और निर्दलीय चुनाव लड़ रहे सुखदेव डांगी के नाम छपी टी शर्ट पहन विद्यार्थी घूम रहे हैं। दूसरी ओर महाराणा प्रताप कृषि प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी विवि के पूर्व इकाई अध्यक्ष बुदाराम चौधरी ने सीटीएइ कॉलेज के डीन को पत्र लिखकर छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी दिवाकर चौधरी के खिलाफ शिकायत दी है कि वह अपने नाम की टी शर्ट विद्यार्थियों में बांट रहे हैं। साथ ही रात्रि में छात्रावास में प्रवेश कर प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने चौधरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग रखी है।

Published on:
30 Aug 2018 07:32 pm