उदयपुर

बदनसीबी ही कहेंगे: आजादी के 70 साल बाद भी इन ग्राम पंचायतों को नहीं मिली सड़क, पानी और बिजली की सुविधा

पानी, बिजली व सड़क से वंचित पंचायते, 22 फरवरी को एसडीओ कार्यालय घेरने की चेतावनी
less than 1 minute read
udaipur
बदनसीबी ही कहेंगे: आजादी के 70 साल बाद भी इन ग्राम पंचायतों को नहीं मिली सड़क, पानी और बिजली की सुविधा

उदयपुर/ झाड़ोल. उपखण्ड क्षेत्र की आधा दर्जन ग्राम पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं में शामिल पानी, बिजली और सड़क नहीं होने का मुद्दा गरमा रहा है। समस्या प्रभावित ग्रामीणों ने मामले को लेकर उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही सुविधाओं से वंचित गांवों की व्यवस्था में सुधार नहीं होने की स्थिति में आगामी 22 फरवरी को एसडीओ कार्यालय घेरने की चेतावनी दी।
प्रशासनिक अमले को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत मादड़ी, सरादित, दमाणा, खटीकमदी, मादला, पीपलबारा क्षेत्र आज भी पेयजल, बिजली व सड़क सुविधा से वंचित हैं। आरोप लगाया कि क्षेत्र की 20 फीसदी आवेदकों को ही अब तक बिजली की सुविधा मिल पाई है। आजादी के 70 साल बाद भी 80 फीसदी ग्रामीण परिवार बिजली सुविधा के लिए तरस रहे हैं। राजस्व गांव होने के बावजूद आज भी पानी के नाम पर ग्रामीणों को कुएं के भरोसे रहना होता है। क्षेत्र में नलकूप और पेयजल सप्लाई की सुविधा नहीं है। राजस्व गांवों को जोडऩे वाली संपर्क सड़कें वर्षों पहले टूट चुकी हैं। जंगल में निवास कर रहे परिवारों को वनाधिकार के पट्टे नहीं मिले हैं। ग्रामीणों ने मांग की सभी व्यवस्थाओं को पुख्ता किया जाए। मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों ने प्रशासनिक अमले से सक्रियता की अपील की। साथ ही इसकी प्रतिलिपी जिला कलक्टर, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जलदाय विभाग को भी भेजी गइ है।

Published on:
10 Feb 2019 11:42 pm