
धरियावद. जवाहरगनर के गुमनापुरा-बांसवाड़ा मार्ग पर बीती रात सडक़ किनारे खड़ी टै्रक्टर ट्रॉली से टकराए बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद रात्रि को मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव धरियावद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
ट्रैक्टर का टायर खराब होने से चालक उसे मार्ग पर खड़ा कर गया था। सीआई डूंगरसिंह चुंडावत ने बताया कि शनिवार रात्रि को खुंता होलीफला निवासी अणदा मीणा (18) एवं स्कूली छात्र मांगीलाल मीणा (12) अपने घर खुंता से मोटरसाइकिल पर किसी कार्य से जवाहरनगर आए थे।
लौटते समय गुमानपुरा के पास अंधेरे में सडक़ पर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से जा भिड़े। ट्रॉली में ईंटें भरी थी। मौके पर दोनों की मृत्यु हो गई। संभवतया अंधेरा होने से उन्हें ट्रैक्टर नजर नहीं आया। इस संबंध में मृतक के काका नानका उर्फ नारायण मीणा ने धरियावद थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इधर हादसे के बाद रविवार सुबह से सामुदायिक केन्द्र पर मृतक के परिजन एवं ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजन एवं ग्रामीण मुआवजेकी मांग पर अड़े रहे तथा पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रविवार सुबह धरियावद सामुदायिक केन्द्र पर खुंता सरपंच शोभित हाड़ा एवं पूर्व विधायक नगराज मीणा पहुंचे। करीब छह से सात घंटे तक परिजनों के बीच समझाइश का दौर चला। बाद में आर्थिक सहायता एवं मुआवजे के आश्वासन पर परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने को तैयार हुए। रविवार देर शाम परिजनों एवं मोतबिरों की मौजूदगीं में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया।
ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, सात घायल
सेमारी. थाना क्षेत्र के लिम्बड़ी के पास मोड़ पर कच्ची केरीे भरकर जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली का संतुलन बिगडऩे से ट्रॉली में सवार एक ही परिवार के सात जने घायल हो गए, जिनका 104 एम्बुलेंस से सेमारी अस्पताल में उपचार करवाया गया। घायलों में कांति लाल पुत्र मोगजी मीणा निवासी निचला गुड़ा थाना सेमारी, कपिल पुत्र मोगजी मीणा, वालजी पुत्र गांगजी जी मीणा, दीपक पुत्र कमला मीणा, नरेश पुत्र शंकर, लक्ष्मण लखमा पुत्र खेमा, सोहन पुत्र खेमा निवासी भानपुर थाना झल्लारा शामिल है। सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। इस संबंध में थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। लखमा के सिर में चोट लगने से उदयपुर रैफर किया गया।