
Bराहगीरों की सुरक्षा भगवान भरोसे, पुलिस व परिवहन विभाग का सिर्फ चालान काटने पर फोकसBBराजसमंद. Bसड़क सुरक्षा माह के दौरान परिवहन, यातायात और पुलिस विभाग की सक्रियता दिखाई देती है, लेकिन राजनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर पसरी अव्यवस्था इस अभियान की हकीकत बयां कर रही है। शहर के समीप स्थित हाइवे की सर्विस लेन लंबे समय से ट्रक और ट्रेलरों की पार्किंग का अड्डा बनी हुई है। दोनों ओर खड़े भारी वाहनों की लंबी कतारें इस बात का प्रमाण हैं कि यहां नियमों की अनदेखी खुलेआम हो रही है। सर्विस लेन आमजन की सुरक्षित आवाजाही के लिए बनाई गई थी, लेकिन वर्तमान में यह ट्रांसपोर्ट कारोबार और गैराज गतिविधियों का केंद्र बन गई है। वाहन चालक यहां ट्रक खड़े करने के साथ ही मरम्मत कार्य भी करते नजर आते हैं। इससे छोटे गांवों से आने-जाने वाले ग्रामीणों, दोपहिया वाहन चालकों और अन्य राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क संकरी हो जाने से दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
B
B
Bसिर्फ चालान नहीं, व्यवस्था सुधार की जरूरतB
सड़क सुरक्षा का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाना भी है। राजनगर हाइवे की सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग रोकने के लिए यातायात पुलिस, स्थानीय थाना पुलिस, जिला परिवहन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को संयुक्त अभियान चलाने की जरूरत है।
Bले-बाय होने के बावजूद सर्विस लेन का उपयोगB
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने भारी वाहनों की सुविधा के लिए जगह-जगह ‘ले-बाय’ पार्किंग स्थल बनाए हैं, जहां चालक वाहन खड़े कर आराम कर सकते हैं। इसके बावजूद चालक सर्विस लेन पर वाहन खड़े कर रहे हैं। ट्रांसपोर्ट कंपनियों और गैराज संचालकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
Bक्या किए जा सकते हैं प्रयासB
-सर्विस लेन पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई।
-हाइवे पर अवैध पार्किंग चिन्हित कर हटाने का अभियान।
-ट्रांसपोर्ट संचालकों के साथ बैठक कर वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था।
-सीसीटीवी कैमरों और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना।
-सर्विस लेन पर मरम्मत कार्य करने वालों पर रोक।
-ले-बाय पार्किंग स्थलों के उपयोग के लिए वाहन चालकों को जागरूक करना।
- दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाना।