उदयपुर

Udaipur Crime : ऑटो चालक की गुंडागर्दी से इलाके में तनाव, पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार, घटना का फुटेज आया सामने

ऑटो चालक मोहम्मद इकबाल और उसके साथियों ने एक युवक को मामूली बात पर दुकान के अंदर घसीटकर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. इकबाल उर्फ अप्पू सहित समीर खान उर्फ मिट्ठू, मोइन खान, फरदीन खान उर्फ बंटी और सोहेब खान उर्फ टिक्कू को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Mar 04, 2026
Udaipur Crime
युवक पर हमला करते बदमाश (फोटो-सोशल मीडिया)

उदयपुर। जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ऑटो चालक और स्कूटी सवार के बीच कहासुनी के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया।

थानाधिकारी तेजू सिंह के अनुसार पीड़ित जितेंद्र पटेल ने मामला दर्ज कराया है। घटना होली से पहले रविवार शाम सुरों का गुड़ा क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो चालक मोहम्मद इकबाल उर्फ अप्पू तेज रफ्तार में गली में घुसा और सामने से आ रहे स्कूटी सवार को कट मार दिया, जिससे वह गिर पड़ा। स्कूटी सवार ने चालक को संभलकर वाहन चलाने की सलाह दी, इसी बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हो गई।

इसी दुकान में घसीटकर की गई मारपीट (फोटो-सोशल मीडिया)

साथियों के साथ वापस लौटा ऑटो चालक

विवाद बढ़ता देख पास खड़े जितेंद्र पटेल ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी उससे भी उलझ गया। कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों और दो महिलाओं के साथ दोबारा मौके पर लौटा। आरोप है कि सभी ने मिलकर जितेंद्र को जबरन पास की एक ऑटो पार्ट्स दुकान में खींच लिया और वहां औजारों तथा स्टूल से उसके सिर पर वार किए। हमले में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हो गया। हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की और दुकानदार के साथ मारपीट की।

घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल

पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी मोहम्मद इकबाल उर्फ अप्पू, समीर खान उर्फ मिट्ठू, मोइन खान, फरदीन खान उर्फ बंटी और सोहेब खान उर्फ टिक्कू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Updated on:
04 Mar 2026 08:12 pm
Published on:
04 Mar 2026 08:12 pm