उदयपुर

उदयपुर में बढ़ता अपराध : झांसा देकर फांसा… तीन मामलों में खाते से 4.24 लाख साफ

उदयपुर में साइबर ठगी के तीन मामलों में 4.24 लाख रुपए की धोखाधड़ी सामने आई है। ठगों ने सोशल मीडिया और वेबसाइट के जरिए दो महिलाओं सहित तीन लोगों को निशाना बनाया। एक महिला से 1.01 लाख, दूसरी से 1.69 लाख और एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से 1.54 लाख रुपए उड़ाए गए। वहीं सुखेर क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी कार नकदी सहित चोरी हो गई। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 5:11 PM IST
cyber crime
demo pic

उदयपुर. त्योहारी माहौल में जहां हर कोई ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल लेनदेन का इस्तेमाल कर रहा है, वहीं साइबर ठगी भी तेजी से हो रही है। पिछले दिनों साइबर धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़े हैं। जहां पिछले दो दिन में दस लाख से अधिक की साइबर ठगी हो चुकी है, वहीं अब 4.24 लाख की ठगी के तीन मामले सामने आए हैं। बड़ी बात ये कि सभी मामलों में सोशल मीडिया के जरिये झांसे में लिया गया। ठगी का शिकार होने वालों में महिलाओं की संख्या अधिक रही है।

महिला से 1.01 लाख ऐंठे

सोशल मीडिया के जरिये संपर्क कर साइबर ठग ने महिला से 1 लाख 1 हजार 570 रुपए की ठगी कर ली। पुलिस ने बताया कि पुरोहितों की मादड़ी रोड नंबर 2 निवासी गंगा गमेती ने प्रतापनगर थाने ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया के जरिये जाल में फंसाया और धोखाधड़ी कर रकम हड़प ली। प्रतापनगर थाना पुलिस ने साइबर पोर्टल से मिली शिकायत पर केस दर्ज किया।

वेबसाइट के जरिये 1.69 लाख उड़ाए

वेबसाइट पर भरोसा करना एक महिला को महंगा पड़ गया। ठग ने बम्पी नामक साइट के जरिये महिला से 1 लाख 69 हजार की धोखाधड़ी कर ली। विद्या विहार कॉलोनी पुलां निवासी मोनिका अरोड़ा वर्मा ने हाथीपोल थाने में रिपोर्ट दी। बताया कि 30 अक्टूबर दोपहर 12 बजे बम्पी वेबसाइट से व्यक्ति ने संपर्क कर ठगी की।

क्रेडिट कार्ड के जरिये डेढ़ लाख ठगे

भूपालपुरा थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति से साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड व अन्य डाटा चोरी कर ब्लिकिंट पर डेढ़ लाख का ऑर्डर कर ठगी कर दी। पुलिस ने बताया कि दुर्गा नर्सरी रोड निवासी रौनितजावरिया ने रिपोर्ट दी। बताया कि गत दिनों उसके क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 54 हजार 415 रुपए का ट्रांजेकशन किसी ने ब्लिंकिट पर किया। ऐसे में क्रेडिट कार्ड व अन्य डाटा लीक करके धोखाधड़ी की गई।

इधर, घर के बाहर खड़ी कार नकदी सहित चोरी

सुखेर थाना क्षेत्र में बुधवार रात 3.30 बजे बदमाशों ने एक घर के बाहर खड़ी कार चुरा ली। खास बात ये कि कार में लाखों रुपए नकद पड़े थे। क्षेत्र निवासी निखिल कुमावत की कार घर के बाहर से चोरी हो गई। सुबह जब निखिल बाहर निकला तो कार को नहीं पाकर होश उड़ गए। पीड़ित ने सुखेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पूरी वारदात फुटेज में कैद पाई गई। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

Updated on:
6 Nov 2026, 5:11 PM IST
Published on: