उदयपुर के बेकरिया थाना क्षेत्र के उदयपुर -पिंडवाड़ा हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार सास और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई।
कोटड़ा (उदयपुर)। बेकरिया थाना क्षेत्र के उदयपुर -पिंडवाड़ा हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार सास और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार एक बालक सहित ट्रक और ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
उदयपुर- पिंडवाड़ा हाईवे पर मंगलवार को मालवा चौराहे से कुछ ही दूर पिंडवाड़ा की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार मावली निवासी सास दया भट्ट (57), जोधपुर निवासी दामाद पुष्पराज (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार दोहिता हर्षवर्धन (10) और ट्रक ड्राइवर झुंझार सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रहा ट्रेलर भी असंतुलित होकर करीब 20 फीट पहले पलट गया, जिससे ट्रेलर चालक भरत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही बेकरिया थाना पुलिस जापता हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला और एंबुलेंस के पायलट भंवर सिंह झाला व ईएमटी महावीर मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को तत्काल उदयपुर रेफर किया।
पुलिस और राहत टीम ने कार में फंसे मृत महिला और उसके दामाद को बाहर निकालकर शव मालवा का चौरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए तथा परिजनों को हादसे की सूचना दी। थानाधिकारी उत्तम सिंह मेड़तिया ने बताया कि मावली निवासी दया भट्ट अपने दोहिते हर्षवर्धन और दामाद पुष्पराज के साथ जोधपुर जा रही थी, तभी हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के रुबिया गांव में कुएं में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रार्थी रोहित पुत्र रणछोड़ लाल डामोर ने रिपोर्ट दी कि उसके पिता रुबिया फला हीरोत निवासी रणछोड़ लाल (50) पुत्र भैरा जी डामोर बकरे चराने के लिए खेत एवं जंगल की तरफ गए थे। वे शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनके खेत पर कुएं में देखा तो पिता शव दिखाई दिया। परिजनों ने बताया कि संभवत: पानी पीने के चक्कर में पैर फिसलने से पिता कुएं में डूब गए।