
उदयपुर भींडर.कानोड़. भींडर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया] जिसने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। सुबह करीब 8:30 बजे 3 युवक एक काली कार लेकर भींडर राजकीय सामान्य चिकित्सालय पहुंचे और मृत युवक का शव चिकित्सकों के हवाले कर फरार हो गए। जाते जाते मृत युवक का मोबाइल भी अपने साथ ले गए। चिकित्सकों की ओर से जांच के दौरान युवक मृत पाया गया। मौके पर परिजनों की तलाश की, लेकिन कोई नहीं दिखा। इस पर तुरंत चिकित्सकों ने भींडर थाना पुलिस को सूचना दी। थाना अधिकारी पुनाराम गुर्जर मय जाप्ता चिकित्सालय पहुंचे और शव मोर्चरी में रखवाते हुए शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। युवक कानोड़ थाना क्षेत्र का होने से कानोड़ थाना थाना अधिकारी मनीष खोईवाल भी जाप्ते के साथ पहुंचे। करीब 1 घंटे तक अनुसंधान में मृत युवक कानोड़ थाना क्षेत्र के राजपुरा निवासी होना बताया। बड़ी संख्या में ग्रामीण चिकित्सालय पहुंचे और युवक की पहचान मदन मोहन उर्फ (टोनी) पाटीदार (30) पुत्र कैलाश चंद्र पाटीदार उम्र वर्ष के रूप में हुई। देखते ही देखते यह जानकारी आग की तरह क्षेत्र में फैल गई, काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गई, वहीं परिजन सहित अन्य लोगों ने युवक की हत्या का संदेह जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। मृतक युवक की लाश को चिकित्सालय छोड़ने वाले युवकों की तलाश में टीमों को भेजा गया, जिसमें पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे। पुलिस ने चिकित्सालय में लगे सीसीटीवी के आधार पर तीनों युवकों की पहचान करते हुए तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा तीनों ही संदिग्ध युवकों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। देर शाम को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया ।
पिता शिक्षक तो मृत युवक के खुद के शराब का ठेका
युवक के पिता कैलाश चंद्र पाटीदार राजकीय सेवा में शिक्षक हैं व रेलवे स्टेशन पर उनके किराणा का व्यवसाय है, जहां युवक भी बैठता था तो वहीं युवक के शराब का ठेका भी बताया गया, जहां कर्मचारी काम करते थे । जिसकी देखरेख मृतक मदन मोहन ही करता था , परिजनों ने बताया कि गुरुवार को प्रातः करीब 10:30 बजे अपनी किराणा की दुकान पर बैठा था तभी एक कॉल आया , और उसे पेट्रोल पंप पर बुलाया , युवक परिजनों को बिना बताए दुकान से निकल जाता है । रात को 8:30 बजे करीब युवक से बात होती है इसके बाद उसका फोन बंद हो जाता है और प्रातः इस तरह की घटना की जानकारी परिजनों को मिलती है ।
7 साल के पुत्र, 10 साल की पुत्री के सिर से उठा पिता का साया
मृतक युवक मदन मोहन उर्फ टोनी अपने पछे 7 साल का मासूम देवेश व 10 वर्ष की पुत्री किटू को रोता बिलखता छोड़ गया है । मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया । जैसे ही जानकारी परिजनों को मिली उन्हें संभालना मुश्किल हो गया। मृतक के पिता, ससुर व भाई का रो-रोकर बुरा हाल था । मृतक की पत्नी पीहर वल्लभनगर थी जिसको घटना की जानकारी मिली तो वह चिकित्सालय पहुंच ज़ोर-जोर से रुदन करने लगी जिसे संभालना भी मुश्किल हो गया ।
आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा
घटना की जानकारी पाते ही पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर चिकित्सालय मोर्चरी के बाहर पहुंचे, जहां मौजूद डीएसपी रविंद्र प्रताप सिंह व सीआई पुनाराम गुर्जर से घटना की जानकारी ली। डिप्टी ने पूर्व विधायक को बताया कि हमें भी आशंका है कि युवक से मारपीट के बाद पानी में डुबोकर मार गया हो आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।