उदयपुर

एक रात में चार मंदिरों के टूटे ताले, दानपात्र से नकदी पार

खरसाण कस्बे में चोरों का आतंक, सालभर में हुई दर्जनों चोरियां, अभी तक खुलासा नहीं
less than 1 minute read
Feb 04, 2024
एक रात में चार मंदिरों के टूटे ताले, दानपात्र से नकदी पार
चोरी की वारदात पर मौका मुआयना करने पहुंची खेरोदा थाना पुलिस

उदयपुर. जिले के खरसाण में शुक्रवार रात्रि को चोरों ने जमकर उत्पात मचाते हुए 4 मंदिरों को निशाना बनाया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। ग्रामीणों ने बताया कि चोरों ने रात करीब 2 बजे गांव के होली चौक स्थित हनुमानजी मंदिर, धर्मराज मंदिर का दानपात्र तोड़कर करीब 25 हजार रुपए चुराकर लिए। इसके बाद लक्ष्मीनारायण मंदिर में दानपात्र का ताला नहीं टूटने से यहां पर दानपात्र के रुपए बच गए। चोरों ने मुख्य सड़क स्थित भेरुनाथ मंदिर का दानपात्र का ताला तोड़कर हजारों रुपए की नकदी चुरा ली। सुबह मंदिर पहुंचे ग्रामीणों को चोरी का पता चला। इस पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे चोर

खरसाण गांव में मुख्य सड़क पर स्थित भेरुनाथ मंदिर के समीप एक मकान में लगे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज में रात करीब पौने दो बजे एक व्यक्ति खेरोदा की तरफ से बाइक पर आया। जो भेरुनाथ मंदिर में गया और भंडार से चोरी कर भाग छूटा। वहीं रात को दो बजे पुरानी पंचायत के पास मकान में लगे सीसीटीवी में एक व्यक्ति बाइक पर घूमता नजर आया।
मौके पर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

सुबह सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। जहां ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि पहले भी गांव में कई चोरियां हुई। जहां चोर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में साफ-साफ नजर भी आए। जिसे ग्रामीणों ने पुलिस को उपलब्ध कराए। इसके बावजूद पुलिस चोरों को पकड़ नहीं पाई। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरों को पकड़ने की मांग की है।

Updated on:
04 Feb 2024 12:40 am
Published on:
04 Feb 2024 12:40 am