
उदयपुर. कानोड़ तहसील कार्यालय के सामने मोड़ पर पिछले कई वर्षों से एक ठेकेदार की डामर बिछाने की मशीन सड़क से सटी पड़ी है। स्थानीय लोगों ने इससे दुर्घटना होने का अंदेशा जताते हुए इस मशीन को हटाने की कई बार मांग की। लेकिन प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। विकट मोड में पड़ी इस मशीन से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं, दूसरी लापरवाही जलदाय विभाग ने कर दी। यहां ठेकेदार को इस मशीन को हटवाकर पाइप-लाइन डालनी थी। लेकिन जलदाय विभाग के ठेकेदार ने बिना मशीन को हटाए सड़क पर ही लाइन टेढ़ी-मेढ़ी लाइन डालकर अपना काम निपटा दिया। लोगों ने बताया कि जहां मशीन पड़ी है, उसके पास उस मशीन मलिक की जमीन है। लेकिन इस तरह सड़क के पास व विकट मोड़ में अस्थाई रूप से मशीन को रखना खतरे से खाली नहीं है।
मशीन हटाकर जलदाय विभाग सुधारें पाइप लाइन
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जलदाय विभाग प्रशासन की मदद लेकर उस मशीन को वहां से हटवाकर डाली गई पाइपलाइन को सुधार करें। स्थानीय लोगों ने चेतावनी भी दी कि विभाग अगर इस लाइन को नहीं सुधारता है, तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जहां डामर डालने की मशीन पड़ी है, उसके सामने ही तहसील कार्यालय है, लेकिन इस मशीन को हटाने की कार्रवाई तहसील प्रशासन भी नहीं कर रहा है।
इनका कहना है
अगर पाइप लाइन डालने के रास्ते में कोई संसाधन आ रहा है, तो उसे ठेकेदार को हटाना चाहिए था। या फिर विभाग को अवगत कराना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ है और पाइप लाइन डाल दी है। तो फिर से सुधारा जाएगा।
-अश्विन कुमार मीना, जेईएन, जलदाय विभाग, कानोड़
मशीन हटाने के लिए जल्द ही संबंधित व्यक्ति को पाबंद किया जाएगा। एक बार पूर्व भी कॉल करवाया गया था। सात दिन में अगर मशीन नहीं हटाई जाती है तो मशीन को जब्त कर जुर्माना वसूला जाएगा।
-रंजीत यादव, तहसीलदार, कानोड़