
उदयपुर. ट्रेन का सफर आरामदायक होने के कारण इसे लोग अधिक पसंद करते हैं। रेलवे ट्रेन का टिकट लेने के साथ ही अपने यात्रियों को कई सुविधाएं भी उपलब्ध करवाता है। इन सुविधाओं के बारे में कम ही लोग जानते हैं। जबकि इनकी जानकारी होने पर यात्री कई परेशानियों से बच सकता है।
इंश्योरेंस : ऑनलाइन टिकट बुक करते समय इंश्योरेंस लेने के बारे में पूछा जाता है। इंश्योरेंस लेने पर कई सुविधाएं मिलती है। इनमें ट्रेन दुर्घटना की स्थिति में मृत्यु होने या स्थाई विकलांगता होने पर 10 लाख रुपये का मुआवजा मिलता है, जबकि स्थायी आंशिक विकलांगता की स्थिति में 7.5 लाख का इंश्योरेंस कवरेज मिलता है। वहीं, अस्पताल में भर्ती होने और उस दौरान इलाज के लिए दो लाख रुपये तक मिलते हैं। इसके अलावा चोरी, डकैती के तहत भी इंश्योरेंस की कवरेज मिलती है और सबसे अच्छी बात ये है कि यह इंश्योरेंस लेने के लिए आपको मात्र 49 पैसे ही खर्च करने पड़ते हैं। दावों का निर्धारण रेलवे क्लैम ट्रिब्यूनल करता है। जो कंडिशन पर डिपेंड करता है।
फर्स्ट एड बॉक्स : ट्रेन में सफर के दौरान फर्स्ट एड बॉक्स की सुविधा नि:शुल्क मिलती है। यह बॉक्स गार्ड ओर टीटीई के पास होता है। सफर करने के दौरान तबीयत खराब होने पर ट्रेन गार्ड या टीटीई से इसकी मांग कर सकते हैं। ट्रेन में सफर करने वाले प्रत्येक यात्री को रेलवे की ओर से ये सुविधा दी जाती है।
वेटिंग रूम : इसके तहत प्लेट फार्म पर बने वेटिंग रूम में कुछ समय के लिए रुकने की सुविधा मिलती है। अगर यात्री की ट्रेन लेट है तो टिकट के क्लास के आधार पर वेटिंग रूप में आराम कर सकते हैं। रेलवे की ओर से यह सुविधा हर यात्री को दी जाती है। केवल यात्री के पास वैध टिकट होना चाहिए।
वाईफाई : गत कुछ वर्षों से रेलवे ने स्टेशनों पर वाईफाई की सुविधा देना शुरू किया है। यह सुविधा भी मुफ्त दी जाती है। अगर आप स्टेशन पर हैं और ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं तो रेलवे की इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। कई छोटे स्टेशनों पर यह सुविधा अभी उपलब्ध नहीं है।
टिकट पर ये सुविधाएं मामूली लागत पर उपलब्ध
यात्री के पास टिकट होने पर उन्हें क्लॉक रूम की सुविधा दी जाती है। इसके तहत स्टेशन पर क्लॉक रूम में अपना सामान मामूली शुल्क देकर जमा करा सकते हैं और लौटकर सामान पुन: प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही एसी-नॉन एसी लॉज, रिटायरिंग रूम, डोरमेट्री की सुविधा भी रेलवे द्वारा निर्धारित शुल्क देकर प्राप्त कर सकते हैं।