
demo pic
उदयपुर.हिरणमगरी थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग की आशंका में बदमाशों ने लकड़वास स्थित एक अपार्टमेंट में रह रही सरकारी कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर मारपीट की और धारदार हथियार से उसकी नाक काट दी। इसके बाद उसे 9वीं मंजिल से नीचे फेंकने का प्रयास किया, जिसे पड़ोसियों ने नाकाम कर दिया। उपचार के लिए एमबी चिकित्सालय ले जाने के बाद महिला के वहां से गायब होने का भी आरोप है। इस संबंध में थाने में परिवाद दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बिछीवाड़ा निवासी उषा लबाना राजकीय कर्मचारी हैं और करीब छह माह से लकड़वास के एक अपार्टमेंट में रह रही हैं। बुधवार मध्यरात्रि करीब 1 बजे बिछीवाड़ा निवासी अशोक लबाना, उसकी पत्नी बीना व बेटी करीना, भरत लबाना, दिव्यांश लबाना तथा एम्बुलेंस चालक सहित तीन अन्य अज्ञात आरोपी फ्लैट पर पहुंचे। आरोपियों ने आसपास के फ्लैट के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए।
इसके बाद उषा के दरवाजा खोलते ही आरोपियों ने आंखों में मिर्च पाउडर डालकर अंदर घुसकर मारपीट की। पीड़िता के पिता रमणलाल लबाना के अनुसार आरोपियों ने उसके हाथ-पैर पकड़कर गर्दन काटने का प्रयास किया, बचाव के दौरान उसकी नाक कट गई। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो बीना ने महिला को बाल पकड़कर घसीटते हुए 9वीं मंजिल से नीचे फेंकने का प्रयास किया।
अज्ञात स्थान पर बंधक बनाया
तड़के करीब 4 बजे सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से गंभीर घायल महिला को एमबी चिकित्सालय पहुंचाया और मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। सुबह परिजन अस्पताल पहुंचे तो महिला वहां नहीं मिली। परिजन ने आरोप लगाया कि फरार आरोपियों ने एम्बुलेंस चालक के साथ मिलकर महिला को अस्पताल से गायब कर किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बना रखा है।
घटना का वीडियो भी वायरल
पुलिस के अनुसार पीड़िता के पिता की शिकायत पर 8 नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस महिला की तलाश कर रही है। घटना के बाद फ्लैट में खून बिखरा मिला। आरोपियों की ओर से घटनाक्रम का वीडियो बनाकर समाज के ग्रुप और सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात भी सामने आई है।
इधर, मतदान के दौरान मारपीट, बाद में रोड जाम
सुखेर थाना क्षेत्र के बेदला में मतदान के दौरान मारपीट और इसके बाद रास्ता जाम करने के मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मारपीट में भुवाणा बाइपास निवासी दिनेश डांगी की आंख पर चोट आई थी। थानाधिकारी अमरसिंह पंवार ने बताया कि दिनेश डांगी की शनिवार को मेडिकल रिपोर्ट नहीं आ पाई। चोट के कारण मौका नक्शा भी नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वोट देकर गार्डन जाते समय मारपीट
भुवाणा बाइपास निवासी दिनेश डांगी ने रिपोर्ट में बताया कि वह वोट देकर अपने गार्डन का काम देखने भुवाणा से बेदला जा रहा था। इसी दौरान 6-7 लोगों ने उसे रोककर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उसकी आंख, गाल, सिर और गर्दन पर चोटें आईं। रिपोर्ट में अभिमन्यु उर्फ बिल्लु खटीक, उसके भाई संजय तंवर, कन्हैयालाल उर्फ किन्नु खटीक, पंकज खटीक, गौरव, राहुल खटीक, दीपक खटीक और अजय खटीक के नाम बताए गए हैं।
मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग को लेकर वार्ड 78 के कांग्रेस प्रत्याशी योगेश पुष्करणा के नेतृत्व में करीब 50-60 लोगों ने रोड जाम कर दी। इससे पोलिंग पार्टियां भी लेट हुईं। पुलिस ने सभी को हटाकर यातायात खुलवाया। इसके बाद रोड जाम करने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया।
Updated on:
13 Sept 2026 06:05 pm
Published on:
13 Sept 2026 06:05 pm
